खेल

मेरा काम सुपर टीम बनाना है, सुपरस्टार नहीं

नई दिल्ली, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि उनका लक्ष्य टीम में ‘सुपरस्टार’ बनाना नहीं, बल्कि एक ‘सुपर टीम’ तैयार करना है। उन्होंने कहा, मुख्य कोच के तौर पर मेरी जिम्मेदारी मजबूत और संतुलित टीम तैयार करना है। गंभीर ने कहा कि मीडिया सुपरस्टार बनाना चाहता है, लेकिन मुख्य कोच के तौर पर मेरा काम एक सुपर टीम बनाना है। गंभीर ने आगे कहा कि मैं यह नहीं देखता कि किसी खिलाड़ी ने कितने रन बनाए हैं, उसकी सोशल मीडिया पर कितनी फॉलोइंग है या वह प्रसारकों को कितनी टीआरपी दिलाता है। मैं सिर्फ यह देखता हूं कि वह टीम और देश के लिए क्या लेकर आता है। गौतम गंभीर ने इस आलोचना को सिरे से खारिज कर दिया कि भारत में विकेट मेजबान टीम के अनुकूल तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें अकसर विवाद पैदा करने और टीआरपी बटोरने के लिए कही जाती हैं।

गंभीर ने कहा कि टीम ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों ने विदेशी परिस्थितियों में भी 200 रन बनाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में पिचें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के नियंत्रण में होती हैं, न कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के। गौतम गंभीर ने कहा है कि वह कोच के तौर पर फैसले लेते समय आंकड़ों से ज्यादा अपने ‘इंस्टिंक्ट’ यानी अंतरात्मा पर भरोसा करते हैं। उनका मानना है कि अगर उन्हें लगता है कि कोई फैसला टीम के लिए सही है तो वह उस पर पूरी तरह कायम रहते हैं। गंभीर ने कहा कि हर किसी की अपनी अलग सोच और दृष्टि होती है। गंभीर ने कहा, मैं अपनी अंतरात्मा पर भरोसा करता हूं। यही वह चीज है जिस पर मैं सबसे ज्यादा विश्वास करता हूं।

Related Articles

Back to top button