मध्यप्रदेश

आसाराम के बेटे नारायण का इंदौर फैमिली कोर्ट से हुआ तलाक, पत्नी को भरण पोषण के लिए देगा दो करोड़ रुपए

इंदौर : रेप मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे नारायण साईं की पत्नी जानकी हरपालनी के साथ तलाक हो गया है। इंदौर की फैमिली कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद तलाक पर मुहर लग गई है। वहीं, कोर्ट ने नारायण साईं को भरण पोषण के लिए दो करोड़ रुपए पत्नी को देने के लिए कहा है। इससे पहले भी कोर्ट ने उसे 50 हजार रुपए हर महीने भरण पोषण देने को कहा था लेकिन उसने अपनी पत्नी को फूटी कौड़ी भी नहीं दी।

इंदौर फैमिली कोर्ट से डिक्री जारी

वहीं, कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद नारायण साईं के मामले में तलाक की डिक्री जारी कर दी है। साथ ही तीन महीने के अंदर पत्नी को दो करोड़ रुपए देने के आदेश दिए हैं। नारायण साईं की पत्नी जानकी हरपालनी ने 2018 में इंदौर फैमिली कोर्ट में पति से तलाक के लिए याचिका लगाई थी। इसके बाद से लगातार सुनवाई चल रही थी। पिछले दिनों सूरत जेल से इंदौर में नारायण साईं को पेशी के लिए लाया गया था।

पत्नी ने मांगी थी पांच करोड़ रुपए

दरअसल, जानकी हरपालनी ने अपने पति नारायण साईं पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। साथ ही एकमुश्त पांच करोड़ रुपए की भरण पोषण की मांग की थी। वहीं, पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों को नारायण साईं कोर्ट में खारिज करता रहा। लेकिन पत्नी ने जो सबूत पेश किए, उसे इंदौर फैमिली कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।

18 साल पहले हुआ था दोनों का विवाह

नारायण साईं और जानकी हरपलानी का विवाह 2008 में हुआ था। 18 साल बाद दो अप्रैल 2026 को कोर्ट ने दोनों के विवाह को शून्य घोषित कर दिया है। इसके बाद दोनों के संबंध खत्म हो गए हैं।

नारायण साईं का क्या है मामला

  • नारायण साईं और जानकी हरपालनी की शादी 2008 में हुई थी
  • 2013 से पत्नी नारायण से रह रही है अलग
  • 2018 में इंदौर फैमिली कोर्ट में लगाई थी तलाक की याचिका
  • अप्रैल 2026 में दोनों को कोर्ट से तलाक की डिक्री
  • दोनों को नहीं हैं कोई संतान

नारायण साईं ने नहीं दिया था गुजारा भत्ता

दरअसल, 2018 से ही नारायण साईं की पत्नी उससे अलग रह रही थी। कोर्ट ने उसी समय आदेश दिया था कि हर महीने उसे 50000 हजार रुपए का गुजारा भत्ता दे। लेकिन नारायण साईं ने अपनी पत्नी को गुजारा भत्ता नहीं दिया। इसे लेकर भी पत्नी ने कोर्ट में याचिका लगाई थी। पत्नी के वकील ने कहा भी था कि अगर रुपए नहीं हैं तो संपत्ति बेचकर राशि दे।

दोनों के नहीं हैं कोई संतान

वहीं, नारायण साईं और उसकी पत्नी के कोई संतान नहीं हैं। नारायण साईं अभी सूरत जेल में बंद है। वह उम्रकैद की सजा काट रहा है। शादी के कुछ दिनों बाद ही अनबन शुरू हो गई थी। 2013 से पत्नी अलग रहने लगी थी। जानकी अभी अपनी मां के साथ रहती है। साथ ही उन्होंने नारायण साईं पर अन्य महिलाओं के साथ संबंध के आरोप लगाए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button