दिल्ली

आस्था कुंज गैंगरेप के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस, पार्कों और रिज इलाकों में घुड़सवार दस्ते और ड्रोन से सख्त पहरा

नई दिल्ली: आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़े पार्को और रिज इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इन जगहों पर सुबह से घुड़सवार पुलिस की गश्त कराई जा रही है। पुलिसकर्मी पार्क में आने वाले लोगों से बातचीत कर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी ले रहे हैं। दिन के साथ रात में भी संवेदनशील हिस्सों में गश्त बढ़ाई गई है।

पुलिस वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बड़े पार्कों और रिज क्षेत्रों को सुरक्षा के लिहाज से चिह्नित कर अतिरिक्त निगरानी की जा रही है। घुड़सवार दस्ते की मदद से उन हिस्सों में भी गश्त की जा रही है, जहां पुलिस वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते।

ड्रोन से निगरानी कर रही पुलिस

डियर पार्क और संजय वन में भी अंदरूनी हिस्सों में घुड़सवार दस्ते की गश्त की जा रही है। कमला नेहरू रिज समेत नई दिल्ली जिले के बड़े और संवेदनशील पार्कों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ड्रोन से भी पार्कों की निगरानी कर रही है।

पुलिस को मामले में मिले कई सुराग

आस्था कुंज गैंगरेप मामले में पुलिस को कुछ और अहम सुराग हाथ लगे हैं। साथ ही एक आरोपी के सीमन के सैंपल भी पार्क से उठाए गए हैं। आरोपियों ने वारदात के दौरान आसिफ, हेमू और दीपू नाम लिए थे, जो पीड़िता ने पुलिस को बता दिए। इससे भी आरोपियों की पहचान जल्द हो सकी।

वारदात के बाद फरार हो गए थे आरोपी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगरेप के बाद आरोपी पीड़िता और उसके दोस्त को पार्क के बाहर तक छोड़कर आए थे और घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। फिर तीनों आरोपी फरार हो गए।

Related Articles

Back to top button