इंस्टाग्राम पर क्या दिखेगा और क्या छिपेगा, कंटेंट की निगरानी पर उठे सवाल

भारत में इंस्टाग्राम की सामग्री सिफारिश प्रणाली में बदलाव की मेटा की घोषणा केवल एक तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि डिजिटल युग की एक महत्त्वपूर्ण चुनौती की ओर संकेत करती है। आज सोशल मीडिया मंच महज संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि सूचना, विचार और जनमत को प्रभावित करने वाली शक्तिशाली संस्थाएं बन चुके हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि आखिर कौन तय करेगा कि उपयोगकर्ता क्या देखें और क्या नहीं।
मेटा का कहना है कि उन्नत कृत्रिम मेधा की मदद से यौन संकेतों वाली और हिंसक सामग्री की दृश्यता कम की जा रही है। भारत जैसे देश में, जहां करोड़ों युवा और किशोर सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं, यह पहल स्वागतयोग्य है। लंबे समय से यह चिंता व्यक्त की जाती रही है कि एल्गोरिद्म अक्सर ऐसी सामग्री को बढ़ावा देते हैं जो सनसनी, उत्तेजना व विवाद के जरिए अधिक जुड़ाव पैदा करती है। इससे सामाजिक तनाव, गलत सूचना व मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ते हैं। इस पहल का दूसरा पक्ष भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है।
दरअसल, कई उपयोगकर्ताओं की शिकायत रही है कि संदर्भविहीन शिकायतों के आधार पर उनकी वैसी सामग्री भी तुरंत हटा दी जाती है, जिनका संदर्भ किसी जरूरी मसले पर असहमति जताने भर से होता है या वह किसी मामले का दूसरा पक्ष होता है। दूसरी ओर, कई बार विवादास्पद सामग्री लंबे समय तक मंच पर रहती है और प्रसार भी पाती है। यह विरोधाभास बताता है कि निगरानी की व्यवस्था त्रुटिरहित नहीं है।
STORIES YOU MAY LIKE
यहीं पारदर्शिता का प्रश्न सामने आता है। यदि किसी सामग्री को सीमित किया जाता है तो उसके मानक स्पष्ट होने चाहिए। साथ ही, उपयोगकर्ताओं को निष्पक्ष अपील और समीक्षा की प्रभावी व्यवस्था भी मिलनी चाहिए। केवल यह दावा करना पर्याप्त नहीं कि शिकायतें घटी हैं, कंपनियों को निर्णयों की प्रक्रिया और मापदंडों को भी सार्वजनिक करना चाहिए।
डिजिटल सुरक्षा आवश्यक है और इससे व्यापक हित सुनिश्चित होना चाहिए। लेकिन स्वस्थ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सोशल मीडिया मंचों की विश्वसनीयता इसी पर निर्भर करेगी। आखिरकार, समस्या यह नहीं कि लोगों को क्या दिखाया जा रहा है, यह भी है कि क्या छिपाया जा रहा है और किस आधार पर।




