उत्तरप्रदेशराष्ट्रीय

ईरान में भारतीय इंजीनियर गिरफ्तार, परिवार चिंतित, सरकार से लगाई मदद की गुहार

गाजियाबाद: ईरान और अमेरिका के बीच चल रही तनातनी के बाद बने युद्ध के हालातों के बीच गाजियाबाद के निवासी और दुबई की तेल कंपनी में मरीन इंजीनियर थर्ड केतन मेहता को ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट में कोस्ट गार्ड्स ने गिरफ्तार कर लिया है। 6 जनवरी को गिरफ्तारी के बाद केतन के बारे में परिवार को 7 जनवरी को जानकारी मिली थी। इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ।

केतन के पिता मुकेश मेहता ने विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री से बेटे को सुरक्षित भारत लाने के लिए मदद की गुहार लगाई है। ट्रांस हिंडन में भोपुरा के पास डीएलएफ कॉलोनी में रहने वाले मुकेश मेहता के बेटे मरीन इंजीनियर केतन मेहता दुबई की तेल कंपनी MT BRILLIANT ROAR में थर्ड इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। यह कंपनी Prime Tanker LLC की ओर से पिछले काफी समय से ईरान से तेल लाने का कार्य करती है।


‘हर बीतता दिन डरा रहा’

पिता ने कहा कि बेटे से हमारा संपर्क नहीं हो रहा है। हमें नही पता कि बेटा सुरक्षित है या नहीं, उसे पर्याप्त भोजन और चिकित्सा संबंधित सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं? हर बीतता दिन परिवार के लिए एक डरावने सपने जैसा है। यह केवल एक कानूनी मसला नहीं है, बल्कि भारतीय नागरिकों से जुड़ा एक गंभीर मानवीय संकट है।

सरकार से मदद की अपील

विदेश मंत्रालय समेत नौवहन महानिदेशालय (DG Shipping) और प्रधानमंत्री से अपील की है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बेटे की शीघ्र रिहाई के लिए प्रयास करें और उसे भारत ले आएं। केतन की मां रजनी भी बेटे की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं।

Related Articles

Back to top button