राष्ट्रीय

तमिलनाडु में ‘दीपथून’ पर दीप न जलाने से भड़का विवाद, हिंदू संगठनों और पुलिस में झड़प

मदुरै। तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम में मंगलवार को कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून के बजाय पारंपरिक स्थान पर दीप जलाए जाने से नाराज हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और तमिलनाडु पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार अरुल्मिगु उचिपिल्लैयार मंदिर के ऊपर पारंपरिक दीप जलाए जाने के विरोध में भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों के नेताओं ने पहाड़ी पर जाने वाले रास्ते के प्रवेश द्वार पर धरना दिया। साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

पुलिस ने अपनाया सख्त रुख

उधर, प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और लाठीचार्ज की चेतावनी दी। पुलिस ने मौके पर एक तख्ती भी दिखाई, जिस पर लिखा था कि आपकी यह भीड़ गैरकानूनी है। तुरंत तितर-बितर हो जाएं, अन्यथा लाठीचार्ज कर हटाना पड़ेगा। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर पुलिस ने राज्य भर में कई भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों के सदस्यों को एहतियातन हिरासत में भी लिया।

मद्रास हाई कोर्ट का सख्त निर्देश

दूसरी ओर दिन के अंत में इस मामले ने नया मोड़ लिया, जब मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

हाई कोर्ट ने जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और मंदिर प्रशासन को आदेश दिया कि वे पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दें। इसके साथ ही अदालत ने तिरुपरनकुंद्रम में निषेधाज्ञा के तहत अवैध रूप से हिरासत में लिए गए सभी लोगों को तुरंत रिहा करने का भी आदेश दिया।

समझिए क्या है पूरा विवाद?

गौरतलब है कि हिंदू संगठन और श्रद्धालु हर साल कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर पारंपरिक तेल का दीप जलाने की मांग कर रहे हैं।

पहाड़ी की तलहटी में सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर है, जबकि चोटी के पास सिकंदर बादशाह दरगाह और एक शिव मंदिर स्थित है। हिंदू पक्ष का दावा है कि करीब एक सदी पुराने दीवानी अदालत के फैसलों के अनुसार यह स्तंभ मंदिर का है। वहीं, दरगाह के अधिकारियों और मुस्लिम संगठनों ने पूजा स्थल के बेहद करीब होने के कारण इसका विरोध किया है।

सुप्रीम कोर्ट का आदेश

मामले में 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दरगाह के पास स्थित ‘दीपथून’ पर एक बार के लिए प्रतीकात्मक रूप से दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, शीर्ष अदालत ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्पष्ट किया था कि यह अनुष्ठान केवल एक अधिकृत टीम द्वारा ही किया जाएगा और पहाड़ी की चोटी पर आम जनता, जुलूस या भीड़ इकट्ठा होने पर रोक रहेगी।

Related Articles

Back to top button