छत्तीसगढ़

ई-चालान, लोक अदालत में करा सकते हैं निराकरण, अनदेखी पर जब्त होंगी गाड़ियां

रायपुर। ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने पर आईटीएमएस कैमरे से ई–चालान के माध्यम से जुर्माना किया जाता है। ई–चालान वाहन स्वामियों के पते पर भेजे जाते हैं। चालान नहीं पटाने पर इसे कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया जाता है। अब लंबित ई–चालान के वाहन स्वामियों के लिए राहत का मौका है। डीसीपी ट्रैफिक आईपीएस विकास कुमार की पहल पर न्यायालय में लंबित ई–चालानों का निराकरण लोक अदालत में किया जाएगा।


लंबित ई–चालानों के शमन के लिए डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 10 मार्च 2026 तक नजदीकी यातायात थाना में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। लोक अदालत के बाद भी चालान लंबित होने पर वाहन को जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ऐसे ई–चालान जिनका लोगों ने भुगतान नहीं किया है और जो लंबित ई–चालान कोर्ट में ट्रांसफर हो चुके हैं, उनका निराकरण दिनांक 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत में किया जाएगा। अतः ऐसे लोगों के पास राहत पाने का एक मौका है कि वे लोक अदालत में फाइन पटाकर निराकरण करवा लें, अन्यथा बाद में उन्हें परेशानी हो सकती है।

पुलिस उपायुक्त यातायात विकास कुमार ने निर्देश दिया है कि लोक अदालत के बाद भी प्रकरण लंबित हो तो वाहन को जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाए। ध्यान रहे कि लोक अदालत में प्रकरण रखने के लिए उसका रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है। वे सभी वाहन स्वामी जिनका ई–चालान 15 अक्टूबर 2025 के पूर्व का है, ऐसे प्रकरणों को लोक अदालत में निराकरण हेतु रखा जाएगा। लंबित प्रकरण वाले वाहन स्वामियों को उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर सूचना दी जाएगी। व्हाट्सऐप के माध्यम से नोटिस की कॉपी भी भेजी जाएगी।

15 अक्टूबर 2025 के पूर्व जारी ई–चालान वाले वाहन स्वामी अपने प्रकरण का लोक अदालत में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए अपने क्षेत्र के नजदीकी निम्नानुसार 09 यातायात थानों में जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। ध्यान रहे कि यातायात थाना में रजिस्ट्रेशन होने पर ही प्रकरण लोक अदालत में पेश होगा :-

  1. यातायात थाना तेलीबांधा, तेलीबांधा पुलिस थाना भवन के ऊपर
  2. यातायात थाना भाठागांव बस स्टैंड, बस स्टैंड परिसर भाठागांव
  3. यातायात थाना शारदा चौक, शारदा चौक में हनुमान मंदिर एवं बिजली ट्रांसफार्मर के पास
  4. यातायात थाना फाफाडीह, गंज थाना भवन फाफाडीह चौक
  5. यातायात थाना भनपुरी, व्यासतालाब तिराहा के पास बिलासपुर रोड
  6. यातायात थाना टाटीबंध, टाटीबंध चौक के पास
  7. यातायात थाना पंडरी, पंडरी पुराना बस स्टैंड के गेट के पास
  8. यातायात थाना पचपेड़ीनाका, पचपेड़ीनाका ब्रिज के नीचे
  9. यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी, यातायात कार्यालय

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने अपील की है कि जिन वाहन स्वामियों का ई–चालान लंबित है, वे अपने प्रकरण के लोक अदालत में निराकरण के लिए 10 मार्च तक अनिवार्य रूप से नजदीकी यातायात थानों में जाकर रजिस्ट्रेशन करा लें। ई–चालान प्रकरणों का निराकरण नहीं कराने पर न्यायालयीन संबंधी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ेगा, जिससे असुविधा हो सकती है। वाहन संबंधी सभी कार्य/सेवाएं बाधित रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button