महाराष्ट्र

उद्धव गुट छोड़ शिवसेना में शामिल हुए आनंद दुबे, एकनाथ शिंदे ने किया स्वागत

शिवसेना (यूबीटी) गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे शुक्रवार को शिंदे गुट में शामिल हो गए. ठाणे में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर शिवसेना के सोशल मीडिया विभाग के राज्य प्रमुख एवं युवा सेना के महासचिव राहुल कनाल सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे.

आनंद दुबे के साथ गुलाबचंद मौर्य, सुनील चौबे, बृजेश मौर्य, दशरथ प्रजापति, प्रवीण दुबे और धनंजय गुप्ता सहित कई अन्य लोग भी शिंदे गुट में शामिल हुए हैं. इस दौरान सभी ने शिवसेना का चुनाव चिन्ह धनुष-बाण थामकर पार्टी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की.

एकनाथ शिंदे ने दुबे का किया स्वागत

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आनंद दुबे को पिछले कई वर्षों से शिवसेना में काम करते हुए देखा है. राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की भूमिका रखने वाले इस कार्यकर्ता ने आज मूल शिवसेना में प्रवेश किया है. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि ढाई साल तक मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी विकास परियोजनाओं को पूरा किया गया. इन ढाई वर्षों में महाराष्ट्र को विकास और प्रगति की दिशा में आगे ले जाने का काम किया गया. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी काफी सहयोग मिला. उन्होंने कहा कि आज महाराष्ट्र हर क्षेत्र में पहले स्थान पर है.

‘दुबे ने सही पार्टी में प्रवेश किया’

एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि राज्य सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग शिवसेना में शामिल हो रहे हैं. आनंद दुबे को शिवसेना की कार्यप्रणाली की अच्छी जानकारी है. राहुल कनाल लगातार उनके संपर्क में थे और दुबे ने सही पार्टी में प्रवेश किया है. उन्होंने कहा, शिवसेना कार्यकर्ताओं की पार्टी है. यहां कोई मालिक नहीं है, बल्कि सभी कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आनंद दुबे ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भूमिका अपनाई है. यही विचार शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे का था और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी विचारधारा के साथ देश को आगे ले जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि शिवसेना राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों में काम कर रही है. उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार की जिम्मेदारी आनंद दुबे और उनकी टीम संभालेगी.

विधान परिषद चुनाव पर जीत का दावा

विधान परिषद चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सचिन सानप मूल रूप से शिवसेना के हैं. पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सचिन सानप को शिवसेना का पूरा समर्थन है. वहां महायुति के सहयोगी दलों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबला होगा. बाकी चारों सीटों पर महायुति के रूप में ही चुनाव लड़ रहे हैं और मिलकर काम कर रहे हैं. उपमुख्यमंत्री शिंदे ने विश्वास जताया कि विधान परिषद चुनाव में पांचों सीटों पर महायुति के ही उम्मीदवार जीतेंगे.

विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर हमले का आरोप

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि विरोधी सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालते हैं, प्रधानमंत्री के घर के सामने प्रदर्शन करते हैं और दिल्ली में आंदोलन करते हैं. इन आंदोलनों के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ या उनकी भागीदारी दिखाई देती है. विरोधी देश में अशांति और अराजकता फैलाना चाहते हैं. वो नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका का उदाहरण देते हैं. शिंदे ने सवाल किया कि आखिर यह किस बात का संकेत है?

‘राहुल लोगों को भड़काने का काम कर रहे’

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के तहत स्थापित संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं. हाथ में संविधान की किताब लेकर घूमने वाले राहुल गांधी खुद संविधान के खिलाफ काम कर रहे हैं. वो चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं. फर्जी नैरेटिव के जरिए लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं. उपमुख्यमंत्री शिंदे ने विश्वास जताया कि देश की 140 करोड़ जनता विपक्ष के फर्जी नैरेटिव के झांसे में नहीं आएगी, बल्कि काम करने वालों के साथ खड़ी रहेगी.

उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतों की मदद से देश में अराजकता फैलाने के विपक्ष के मंसूबों को जनता कामयाब नहीं होने देगी. शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश को तोड़ने की भाषा बोलना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्हें देश को जोड़ने की बात करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट पर दबाव बनाने की कोशिश की, जिस पर अदालत ने उन्हें फटकार लगाई.

Related Articles

Back to top button