महाराष्ट्र

लिव इन पार्टनर का गला काट उसके मंगेतर से कहा- वैशू नहीं रही, फिर लगाई खुद भी फांसी

नासिक : महाराष्ट्र में एक हिला देनेवाली घटना हुई। नासिक के इंदिरा नगर इलाके में एक 21 साल की युवती की हत्या कर दी गई। उससे अलग हो चुके लिव-इन पार्टनर ने ही तीखी बहस के बाद उसकी चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। एक्स गर्लफ्रेंड पर हमले के कुछ घंटों बाद आरोपी का शव भी फांसी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने पीड़िता की पहचान वैष्णवी अवारे और आरोपी की पहचान साहिल लवहारे (26) के तौर पर की है। दोनों अमरावती के रहने वाले थे। खास बात है कि वैष्णवी को मारने के बाद साहिल ने उसके मंगेतर को मेसेज भेजकर कहा कि वैशू अब नहीं रही।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले लिव-इन रिलेशनशिप में थे, लेकिन वैष्णवी अवारे ने हाल ही में इसे खत्म कर दिया था और नासिक चली गई थीं। वहां वह नौकरी की तलाश के दौरान इंदिरा नगर में एक पेइंग गेस्ट अकोमोडेशन में रह रही थीं।

गला काटकर भागा

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात दोनों के बीच बहस हुई। एक अधिकारी ने बताया कि बात तब हिंसक हो गई जब साहिल लवहारे ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जब वैष्णवी ने मदद के लिए चिल्लाया, तो उसने उसका गला काट दिया और मोटरसाइकिल से भाग गया। स्थानीय लोगों ने इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी और अवारे को नासिक सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अगले दिन मिला साहिल का शव

अंबाड डिवीज़न के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस सचिन बारी और इंदिरा नगर पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर मनोहर करंडे समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू की। अधिकारी ने बताया कि शनिवार तड़के हमें लवहारे इंदिरा नगर जॉगिंग ट्रैक पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उसने आत्महत्या की है।

जलगांव के युवक से हुई थी वैष्णवी की सगाई

पुलिस ने आगे बताया कि वैष्णवी अवारे की सगाई जलगांव के एक युवक से हुई थी जो नासिक में नौकरी करता था। साहिल ने उसे मेसेज भेजकर कहा कि वैशु अब नहीं रही… इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात वह फोन बातचीत है जो साहिल ने अपराध से कुछ मिनट पहले पीड़िता के मंगेतर के साथ की थी। पीड़िता ने उसी कॉल पर उस व्यक्ति से कहा कि साहिल यहां है, जल्दी आओ।

मरने से पहले वैष्णवी की मंगेतर से हुई 22 मिनट बात

उसका मंगेतर तुरंत काम छोड़कर उस जगह के लिए निकल पड़ा। उसने कॉल नहीं काटा और लगभग 22 मिनट तक दोनों की बहस सुनता रहा। आरोप है कि उसने युवती पर कई बार चाकू से वार किए और उसका गला भी रेत दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वैष्णवी छात्रा थी और इंदिरानगर इलाके में पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले शुक्रवार शाम दोनों की मुलाकात हुई थी। शुरुआत में पुलिस को आशंका थी कि मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।

हालांकि, आगे की जांच में पता चला कि साहिल लवारे और वैष्णवी आवारे पिछले करीब दो वर्षों से कथित तौर पर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, जब वैष्णवी ने शादी करने से इनकार किया तो साहिल ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद साहिल इंदिरानगर के जॉगिंग ट्रैक परिसर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पूरे घटनाक्रम तथा हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button