काशी में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने 5 Km तक चलाई साइकल, उठाए 10-10 kg के दो मुगदर

वाराणसी: ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ थीम पर रविवार को नमो घाट पर 94वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकल कार्यक्रम का आयोजन हुआ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया समेत 500 से अधिक लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। मंत्री ने पांच किलोमीटर तक साइकिल चलाई और 10-10 किलो के दो पारंपरिक मुगदर भी उठाए।
नमो घाट से शुरू हुई यात्रा संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंची। इस दौरान मांडविया ने कहा कि साइकलिंग फिटनेस बेहतर बनाने के साथ प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या कम करने में भी मददगार है। इससे ईंधन की बचत होगी और देश की विदेशी मुद्रा भी बचेगी। इस मौके परी एशियन गेम्स की पदक विजेता प्राची और पारुल चौधरी, द्रोणाचार्य अवॉर्डी प्रमोद मिश्रा, मंत्री गिरीश यादव और हंसराज विश्वकर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।
‘खेलों से सशक्त होता है दिव्यांगजनों का जीवन’
सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी में टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच रविवार को सिगरा स्टेडियम में खेला गया। इसमे पश्चिम बंगाल की टीम ने यूपी की टीम को हराकर कप अपने नाम किया। ट्रोफी वितरण समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि खेल दिव्यांगजनों को सर्वाधिक अवसर प्रदान करता है। खेल के माध्यम से दिव्यांगजन न केवल शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त होते है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक रूप से भी संबल मिलता है। प्रदेश के खेल मत्री गिरीश यादव ने कहा कि सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। इस मौके पर पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह, दिव्यांग क्रिकेट असोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा मौजूद रहे।




