कोल्ड स्टोरेज में मजदूर की हत्या, विवाद में साथी ने सुलाया मौत के नींद

रायपुर। राजधानी रायपुर से हत्या (Murder in Raipur) का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उरला थाना क्षेत्र स्थित गर्ग एग्रो कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले एक मजदूर की उसके ही साथी ने विवाद के बाद बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष सोनवानी के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले का निवासी था और कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करता था। काम के दौरान किसी बात को लेकर उसका साथी मजदूर रमाकांत तिवारी से विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रमाकांत तिवारी ने संतोष पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रमाकांत तिवारी मध्यप्रदेश के सतना जिले का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की बात कही जा रही है।




