छत्तीसगढ़

कोहकामेटा में 3 कमांड IED डिफ्यूज, बड़ी साजिश का खुलासा

नारायणपुर: एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक बड़े षड्यंत्र को विफल कर दिया है. जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष नक्सल विरोधी अभियान के दौरान, सुरक्षाबलों ने लगभग 15 किलोग्राम वजन की तीन कमांड कुकर आईईडी (Improvised Explosive Device) बरामद किया. इन आईईडी को जवानों को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था, जिसे बीडीएस (Bomb Disposal Squad) टीम ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया.

कमांड कुकर बम डिफ्यूज: नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के निर्देश पर, नक्सल मुक्त नारायणपुर के उद्देश्य से चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत यह सफलता मिली. फोर्स को मुखबिरों के जरिए सूचना मिली थी कि कोहकामेटा क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोडलियार के बिचपारा और नीचेपारा के मध्य नक्सलियों द्वारा आईईडी लगाए गए हैं.

जवानों को निशाना बनाने के लिए किया गया था प्लांट: एसपी ने बताया कि हमें खबर मिली थी कि कोहकामेटा के जंगल में नक्सलियों ने आईईडी प्लांट किया है. सूचना की पुष्टि के बाद इलाके में जवानों ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया. अभियान में जिला पुलिस बल, आईटीबीपी और 53वीं वाहिनी की बी कंपनी भी शामिल हुई. टीम के साथ डीमाइनिंग टीम भी मौजूद थी. मौके पर जाकर टीम ने अपनी कार्रवाई शुरु की. सर्चिंग के दौरान हमें पांच पांच किलो के 3 कमांड कुकर आईईडी बम बरामद हुआ. बम काफी शक्तिशाली था. आईटीबीपी की बीडीएस टीम ने सभी सुरक्षात्मक मानकों का पालन करते हुए तकनीकी रूप से चार्ज लगाकर इन तीनों आईईडी को सुरक्षित रूप से मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.


एंटी नक्सल ऑपरेशन: लगातार सुरक्षा बलों के द्वारा अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है. जिसका ही नतीजा है कि अब नक्सली संगठन में भगदड़ जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. लगातार नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्य विचारधारा से जुड़ रहे हैं. नारायणपुर एसपी ने बताया कि हाल ही में नक्सलियों की सबसे खतरनाक कंपनी नंबर एक के 8 माओवादियों सहित कुल 16 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसर्पण किया है.

टूट चुकी है माओवादियों की कमर: सुरक्षा जानकारों का मानना है कि लगातार नक्सली डंप और जंगल में प्लांट आईईडी पुलिस द्वारा बरामद करना इन्हीं आत्म समर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर किया जा रहा है. एसपी रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) अजय कुमार के कुशल नेतृत्व में सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान को लगातार जारी रखे हुए हैं.

Related Articles

Back to top button