‘डंके की चोट पर बोला भारत- ब्रेक द लिमिट’, IIT खड़गपुर में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के आईआईटी खड़गपुर में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘बंगाल में आइडियाज को बल मिलता है. आईआईटी खड़गपुर के इस हीरक जयंती समारोह में आज मेरे सामने भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य- तीनों एक साथ जुड़े हुए हैं. यहां प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी युवा पीढ़ी मौजूद है.
प्रधानमंत्री ने देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नए विचारों, नवाचार और युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया. प्रधानमंत्री मोदी कलाईकुंडा वायुसेना अड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से आईआईटी खड़गपुर परिसर पहुंचे. पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित इस संस्थान की स्थापना वर्ष 1951 में हुई थी. यह देश का पहला आईआईटी है.
पीएम मोदी बोले- राष्ट्र अपनी सोच की सीमाएं तोड़कर पहचानते हैं क्षमता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं. पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ऐसा करके दिखाया है. देश ने दुनिया को संदेश दिया है- ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’. प्रधानमंत्री ने ये बातें आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं.
पीएम मोदी ने कहा कि आज सभी लोग इस संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा का जश्न मनाने और इसकी विरासत को सम्मान देने के लिए एकत्र हुए हैं. अपनी स्थापना के बाद से आईआईटी खड़गपुर ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. इन 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों तक का सफर तय किया है. बदलाव के इस दौर में देश के पहले आईआईटी के रूप में खड़गपुर संस्थान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
गरीबी को स्थायी समस्या मानता था देश, शौचालय बनाने की घोषणा पर उड़ा था मजाक
प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन और सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले तक देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या माना जाता था. पांच दशक पहले भी लाल किले से गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे, लेकिन नीतियां बनाने के नाम पर पूरी व्यवस्था केवल फाइलें तैयार करके बैठ जाती थी. इसकी वजह यह सोच थी कि गरीबी कभी खत्म नहीं हो सकती.
उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तब भी स्थिति बहुत अलग नहीं थी. लाल किले से जब उन्होंने देश में शौचालय बनाने की घोषणा की तो संसद में कुछ लोगों ने इसका मजाक उड़ाया था. वे यह समझने में नाकाम रहे कि गरीब माताओं और बहनों के लिए शौचालय की सुविधा कितनी महत्वपूर्ण है.
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इसी सोच को बदलने का प्रयास किया है. उनका मार्गदर्शक सिद्धांत है- ‘पावर टू एम्पावर’ यानी लोगों को सशक्त बनाने की शक्ति देना.
आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर विकसित भारत की ऊर्जा
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब आईआईटी खड़गपुर ने अपनी यात्रा शुरू की थी, तब भारत को आजाद हुए ज्यादा समय नहीं हुआ था. देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था. उस समय उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए देश को इंजीनियरों की जरूरत थी. उन्होंने कहा कि जैसे जैसे भारत की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ीं, आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने देश के अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में योगदान दिया. आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है.
विकसित भारत के सपनों को पूरा करने में IIT खड़गपुर की अहम भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है. ऐसे में आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास और नवाचार के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाने वाला है. उन्हें विश्वास है कि संस्थान आज के आकांक्षी भारत के सपनों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेगा. उन्होंने कहा कि किसी भी देश की क्षमता इस बात से तय होती है कि वह कितनी चुनौतियों का सामना करने का साहस रखता है. प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं चुनौतियों को चुनौती देने से खुद को रोक नहीं सकता. अक्सर लोग खुद ही अपने लिए सीमाएं तय कर लेते हैं.”
‘भारत में चिप बनाने आई कंपनी को 50 साल पहले दिखाया गया था रेड सिग्नल’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने के लिए आई थी, लेकिन उस समय उसे लाल झंडी दिखाकर वापस भेज दिया गया. जब उन्होंने देश में सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने की बात कही तो कई लोगों ने इसे देर से उठाया गया कदम बताया. हालांकि, सरकार ने मिशन को आगे बढ़ाया और आज भारत ने चिप का निर्यात करना शुरू कर दिया है. पीएम मोदी ने ये बातें आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी काम को आगे बढ़ाने के लिए ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की भावना बेहद जरूरी है. जब युवा इस सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो उनके लिए भी नए अवसर पैदा होंगे और देश को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा. उन्होंने आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे इस संकल्प के साथ आगे बढ़ें कि जब संस्थान अपने 100 वर्ष पूरे करे तो उस समय भारत एक विकसित राष्ट्र बन चुका हो.
12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
पीएम मोदी ने गरीबी उन्मूलन का जिक्र करते हुए कहा कि विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पिछले 12 से 13 वर्षों के दौरान 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है. इसके पीछे ऐसी सोच है, जो सीमाओं को तोड़कर नई संभावनाएं तलाशने में विश्वास करती है.
स्पेस सेक्टर में युवाओं को मिला मौका
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को देश के युवाओं के लिए खोल दिया है. इसका नतीजा है कि आज इस क्षेत्र में कई नए स्टार्टअप तेजी से काम कर रहे हैं. उन्होंने आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना की और भारत को पहला निजी रॉकेट लॉन्च करने का गौरव दिलाया.
पीएम मोदी ने कहा कि आज कई स्पेस स्टार्टअप भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई गति दे रहे हैं. एक समय जिन चीजों को असंभव माना जाता था, वे आज हकीकत बन चुकी हैं. उन्हें गर्व है कि आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्रों ने असंभव को संभव बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.




