खतरे में नहीं है रोहित-विराट की जगह

ब्यूरो— नई दिल्ली, अजीत अगरकर ने शुक्रवार को कहा कि सीनियर भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का ‘आकलन’ होगा, लेकिन प्रत्येक मैच में उन्हें आजमाना ‘बेवकूफी’ होगी। रोहित और कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के साथ सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के करीब हैं और इस तरह की अटकलें हैं कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले 2027 विश्व कप से पहले इन दोनों पूर्व कप्तानों के प्रदर्शन की प्रत्येक सीरीज में समीक्षा होगी। चयन समिति के अध्यक्ष अगरकर ने कहा, प्रत्येक मैच में उन्हें आजमाना बेवकूफाना होगा। जब वे खेलना शुरू कर देंगे, तो उनका आकलन होगा, लेकिन उनकी जगह खतरे में नहीं है।
कुछ हफ्ते पहले शुभमन गिल को नया वनडे कप्तान घोषित करने के बाद अहमदाबाद में कही गई अपनी बात को दोहराते हुए अगरकर ने एक बार फिर उस टूर्नामेंट के लिए टीम के चयन पर अपनी प्रतिबद्धता से परहेज किया जो अभी दो साल दूर है। इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, इसका मतलब यह नहीं है कि अगर वे ऑस्ट्रेलिया में रन नहीं बनाते हैं, तो उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाएगा और इसी तरह अगर वे ऑस्ट्रेलिया में तीन शतक बनाते हैं तो उन्हें 2027 विश्व कप के लिए चुना जाएगा। अगरकर ने यह भी स्पष्ट किया कि कोहली और रोहित ने टेस्ट क्रिकेट छोडऩे का फैसला स्वयं किया था और चयन समिति उनके अनुभव से खुश होती। उन्होंने कहा, अगर कोई जगह होती जहां हमें अनुभव की जरूरत होती, तो वह इंग्लैंड होता। दोनों दिग्गज खिलाड़ी हैं और उन्होंने हमारे से संपर्क किया था। एक बार जब उन्होंने फैसला कर लिया तो आपको उनके फैसले का सम्मान करना होगा।
शमी जैसे खिलाड़ी को कोई क्यों नहीं चाहेगा, तेज गेंदबाज के तीखे सवाल पर अगरकर ने दी सफाई
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने फिटनेस के आधार पर खुद को नजरअंदाज किए जाने को लेकर हाल ही में राष्ट्रीय चयनकर्ताओं पर तीखा तंज कसा था। उन्होंने सवाल उठाया था कि अगर वह रणजी ट्रॉफी के लिए फिट हैं तो 50-50 के लिए क्यों नहीं? अब मोहम्मद शमी के सवाल उठाने के बाद अगरकर ने सफाई दी है। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान अगर से शमी की फिटनेस और उनकी उपलब्धता को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर अगरकर ने कहा, देखिए, वह भारत के लिए एक अविश्वसनीय परफॉर्मर है। अगर उन्होंने कुछ कहा है, तो मुझे उनसे या उन्हें मुझसे कुछ बात करनी चाहिए, लेकिन इंग्लैंड दौरे से पहले ही हमने कहा था कि अगर वह फिट हैं, तो वह जाएंगे। दुर्भाग्य से वह फिट नहीं थे। और हमारा घरेलू सीजन अभी शुरू ही हुआ है। इसलिए हम देखेंगे कि क्या वह पूरी तरह फिट हैं। अगरकर ने आगे कहा, ये रणजी का पहला राउंड जो चल रहा है। हम कुछ और मैच में देख पाएंगे कि वह फिट हैं या नहीं। अगर वह अपनी पूरी क्षमता से अच्छी गेंदबाजी करते हैं तो शमी जैसे किसी खिलाड़ी को कोई क्यों नहीं चाहेगा?




