संपादकीय

‘गरीबी’ का बयान लगातार

प्रधानमंत्री मोदी आजकल ‘गरीबी’ वाला बयान लगातार दोहरा रहे हैं। बेशक फौजियों को संबोधित किया हो या आईआईटी-आईटीआई के छात्रों और युवाओं का आह्वान किया हो अथवा फिक्की के समारोह में उद्योगपतियों से संवाद कर रहे हों या किसी सम्मेलन के मंच से संबोधित किया हो, प्रधानमंत्री यह बताना नहीं भूलते कि पिछले 12-13 साल में 50 करोड़ लोग ‘अत्यधिक गरीबी’ से बाहर आए हैं। यह विश्व बैंक की रपट है, जिसका विश्लेषण हम कर चुके हैं। यह आकलन 2011-23 के दौरान का है। उसमें तीन साल कांग्रेस नेतृत्व की यूपीए सरकार के भी हैं। बेशक प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों, किसानों, आम आदमी के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत की है, लेकिन उनसे न तो गरीबी कम हुई है और न ही कोई संभावना है। हम भी अपने विश्लेषण का सारांश दोहरा रहे हैं कि गरीबी संबंधी सभी दावे ‘अद्र्धसत्य’ पर आधारित हैं। सरकार का ही आंकड़ा है कि 2015 तक ‘सामाजिक सुरक्षा’ के नाम पर सरकार को 24,000 करोड़ रुपए लोगों की मदद के लिए बांटने पड़ते थे, जो अब बढ़ कर 3,32,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गए हैं। यह मजबूरी क्यों और कैसी है? राशन, पेंशन, बीमा, आवास और सबसिडी आदि की सामाजिक सुरक्षा पर भारत सरकार को कुल बजट का करीब 18 फीसदी खर्च करना पड़ता है। यह देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 2.5 फीसदी है। एक और सरकारी आंकड़ा…नीति आयोग की ही रपट में खुलासा किया गया था कि 8.7 करोड़ युवा न तो पढ़ रहे हैं, न किसी तरह की टे्रनिंग हासिल कर रहे हैं और न ही किसी नौकरी, रोजग़ार में हैं। यदि इतनी बड़ी संख्या ‘बेकार’ और ‘निष्क्रिय’ है, तो क्या वे ‘गरीब’ नहीं होंगे? मोदी सरकार करीब 81.35 करोड़ लोगों को, बीते कई सालों से, ‘मुफ्त अनाज’ बांट रही है। इस पर 2.27 लाख करोड़ रुपए से अधिक सालाना खर्च किए जा रहे हैं। यदि इन लोगों को हर माह यह 5 किलो ‘मुफ्त राशन’ न मिले, तो उन घरों की खाद्य-स्थिति क्या होगी, हम उसका आकलन नहीं कर सकते, लेकिन उन करोड़ों लोगों को कमोबेश ‘सामान्य श्रेणी’ में गिना नहीं जा सकता।

सवाल तो यह भी है कि ‘मुफ्तखोरी’ की योजनाएं क्यों जारी हैं? क्या सिर्फ इसलिए कि भारत एक ‘कल्याणकारी देश’ है? क्या देश पर करीब 225 लाख करोड़ रुपए के कर्ज का एक कारण ‘मुफ्तखोरी’ भी है? मुफ्त बांटा या मुहैया कराया जा रहा है, क्योंकि वे लोग आर्थिक रूप से विपन्न हैं! विश्व बैंक की रपट का बुनियादी सार यह है कि उसने 3-4.2 डॉलर रोजाना (करीब 285-400 रुपए) की आय वालों को ‘गरीबी’ से निकाल कर ‘सामान्य श्रेणी’ में माना है। क्या भारत सरकार इसी को ‘गरीबी रेखा से नीचे’ वाली स्थिति मानती है? प्रधानमंत्री मोदी को उद्योगपतियों से यह सवाल क्यों करना पड़ा कि सरकार ने तो 12 लाख रुपए तक आयकर में छूट दी है, कॉरपोरेट टैक्स 30 फीसदी से घटा कर 22 फीसदी कर दिया है, आपने कितने कर्मचारी बढ़ाए? कितने वेतन बढ़ाए? अर्थात साफ है कि प्रधानमंत्री निजी क्षेत्र में नौकरियों, निजी निवेश और वेतन की स्थितियों से ‘असंतुष्ट’ हैं! बेशक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ), विश्व बैंक, मूडीज जैसी विख्यात रेटिंग एजेंसी आदि ने भारत की आर्थिक विकास दर 7 फीसदी आंकी है, लेकिन आईएमएफ ने यह भी आकलन किया है कि भारत में मात्र 1 फीसदी वर्ग के पास 40-50 फीसदी संपत्तियां, संसाधन हैं, करीब 5 फीसदी लोगों के पास 55 फीसदी तक की संपत्तियां हैं। प्रधानमंत्री गरीबी से निकलने वाले लोगों की औसतन आय 9-12,000 रुपए प्रति माह पर ही फुलफुला रहे हैं। अमीरी-गरीबी के बीच कितनी गहरी असमानता है? भारत की प्रति व्यक्ति आय आज भी 2.35-2.50 लाख रुपए सालाना है, जबकि जापान, जर्मनी, फ्रांस सरीखे देश कई गुना आगे हैं। देश का युवा, शिक्षित वर्ग प्रधानमंत्री के बयान से संतुष्ट नहीं होगा। भारत बुनियादी तौर पर आज भी एक गरीब देश है।

Related Articles

Back to top button