अंतर्राष्ट्रीय

गाजा पीस बोर्ड के लिए ट्रंप का न्योता, पुतिन-यूरोपीय संघ ने भेजा ये जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा शांति बोर्ड में शामिल होने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आमंत्रित किया है। क्रेमलिन ने निमंत्रण की पुष्टि करते हुए इसके निहितार्थों पर विचार करने की बात कही है। यूरोपीय संघ, थाईलैंड, कजाखस्तान, पोलैंड और भारत सहित 60 देशों को भी न्योता मिला है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के गाजा शांति बोर्ड में शामिल होने का न्योता मिला है। क्रेमलिन की तरफ से इसकी पुष्टि करते हुए इसके निहितार्थों पर विचार करने की बात कही गई है।

रूस के अलावा यूरोपीय संघ, थाईलैंड, कजाखस्तान, पोलैंड समेत कई अन्य देशों ने भी गाजा के विकास से जुड़ी ट्रंप की महत्वाकांक्षी परियोजना में शामिल होने के न्योते की पुष्टि की गई है।

क्रेमलिन ने क्या कहा?

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मीडिया को बताया कि कूटनीतिक चैनलों के जरिये राष्ट्रपति पुतिन को भी शांति बोर्ड में शामिल होने का न्योता मिला है। हम इस प्रस्ताव के विवरणों का अध्ययन कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि जल्दी ही इन विवरणों को स्पष्ट करने के लिए अमेरिकी पक्ष से संपर्क किया जाएगा।

ट्रंप ने किया इस बोर्ड का गठन

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायल और हमास के बीच गाजा पट्टी में युद्धविराम के दूसरे चरण के लिए इस बोर्ड का गठन किया है। अक्टूबर में दोनों पक्षों ने ट्रंप की शांति योजना पर सहमति जताई थी। बोर्ड को लेकर कहा जा रहा है कि ये एक नई अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो गाजा और उससे परे शांति और स्थिरता के लिए काम करेगी।

कयास लगाए जा रहे हैं कि ये बोर्ड दुनियाभर में चल रहे संघर्षों को समाप्त कराने में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप इसके आजीवन अध्यक्ष रहेंगे। वहीं रूस के एक चैनल ने प्रतिक्रिया में कहा कि रूस गाजा शांति बोर्ड को अमेरिकी प्रयास के तौर पर देख रहा है, जो व्यापक समर्थन के आधार पर इसे संयुक्त राष्ट्र संगठन का प्रतिस्पर्धी बनाने में जुटा है।

कजाखस्तान के राष्ट्रपति कास्यम-जोमार्ट टोकायेव ने गाजा शांति बोर्ड में सम्मिलित होने के लिए ट्रंप के न्योते की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मध्य एशिया में शांति और स्थिरता में योगदान के लिए वह इसमें शामिल होना चाहेंगे। पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नावरोकी को भी न्योता मिला है।

ट्रंप ने 60 देशों को भेजा न्योता

बता दें कि ट्रंप ने 60 देशों को इस बोर्ड में शामिल होने का न्योता भेजा है। भारत को भी ट्रंप का न्योता मिला है, जिसकी समीक्षा की जा रही है। यूरोपीय आयोग की प्रवक्ता ओलोफ गिल ने आयोग प्रमुख उर्सुला वोन डेर लेयेन को आमंत्रण मिलने की बात कही, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की कि उन्होंने न्योता स्वीकार किया है या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button