चलो, विलय-विलय खेलें!

महाराष्ट्र की दो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के बीच इस समय ‘नाट्य प्रयोग’ भी चल रहा है और मैदानी खेल भी चल रहा है। नाट्य प्रयोग कहें तो वैसी रंगत नहीं है और खेल कहा जाए तो खेल के नियम, स्वरूप आदि को लेकर संभ्रम है। कभी लगता है यह कबड्डी जैसा खेल है, एक-दूसरे के पैर खींचने का। कभी यह पकड़ा-पकड़ी का, तो कभी लुका-छिपी का खेल लगता है, पर नाटक और खेल के मिश्रण वाले इस खेल से मराठी लोगों का अच्छा मनोरंजन हो रहा है। एक तरफ शरद पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटील, रोहित पवार, शशिकांत शिंदे हैं, तो दूसरी तरफ सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे जैसे खिलाड़ी हैं और उन्होंने ‘विलीनीकरण’ नामक नया खेल शुरू किया है। इस खेल का स्वरूप भावोजी छाप ‘दार उघड़ बये दार उघड़’ (दरवाजा खोल बाई दरवाजा खोल) जैसा है। दोनों टीमें एक-दूसरे के दरवाजे खटखटाती हैं। दरवाजे दोनों तरफ से खुलते हैं। चाय-पान होता है, खोजबीन होती है, पर खेल का नतीजा पता नहीं चलता और यह नाटक है कहा जाए तो उस नाटक की तीसरी घंटी बजती ही नहीं। अजीत पवार के जीवित रहने के समय से ही विलीनीकरण के खेल की चर्चाएं, बैठकें चल रही हैं। अजीत पवार और जयंत पाटील के बीच इस नाट्य-खेल के २७ रिहर्सल हुए, ऐसा कहा जाता है, पर नतीजे से पहले ही अजीत पवार का स्वर्गवास हो गया और नाटक पर पर्दा गिर गया। ‘‘अजीत पवार और शरद पवार के बीच विलीनीकरण पर कभी चर्चा ही नहीं हुई,’’ ऐसा कहने वाले तटकरे जैसे लोग अब पलटी मारकर कह रहे हैं, ‘‘अजीत पवार होते तो विलय हो जाता। अजीत पवार विलय के लिए प्रयासरत थे।’’ यह टिप्पणी बचकानी है। शरद पवार की पार्टी तोड़कर अजीत पवार, पटेल, तटकरे वगैरह लोग अमित शाह से जा मिले और
नैतिकता की ‘ऐसी की तैसी’
करके फडणवीस के मंत्रिमंडल में घुस गए। पर भाजपा के अंदर का माहौल स्वाभिमानी व्यक्ति का दम घोंट देने वाला है। इसलिए सत्ता में होकर भी अजीत पवार की घुटन शुरू हो गई और उन्होंने पीछे लौटने का फैसला किया। बेशक यह वापसी पटेल, तटकरे को मंजूर नहीं रही होगी। इसलिए वे विलीनीकरण में अड़चनें डालते रहे। सत्ता वाली राष्ट्रवादी की घड़ी अब बिखर गई है। सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के नेतृत्व में पटेल, तटकरे को काम करना पड़ रहा है। पटेल, तटकरे के नेता ‘पार्थ’ बन जाने से उनकी घुटन शुरू हो गई है। पटेल और तटकरे अमित शाह को नेता मानते हैं, पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता अब पार्थ पवार हैं। अब क्या करें? शरद पवार की बीमारी के निमित्त पटेल अस्पताल गए और विलय पर चर्चा शुरू की। उस चर्चा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। ‘‘दस तारीख के बाद मिलकर बात करेंगे’’ शरद पवार के मुंह के इस एक वाक्य से विलय का नाटक और खेल फिर जम गया। अब अचानक सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार दादाजी के पास पहुंच गए। पटेल, सुनेत्रा, पार्थ वगैरह के बारी-बारी से शरद पवार से मिलने से विलय होगा ही, इस पर शर्तें लग रही हैं। इस खेल में मुख्यमंत्री फडणवीस भी उतर आए हैं। ‘‘विलीनीकरण का खेल उन दोनों के खेलने से ही नहीं होगा। मुझसे पूछना पड़ेगा। मैं ‘पंच’ यानी अंपायर की भूमिका में हूं।’’ विलीनीकरण के खेल में और मैदान में रोज ‘भिड़ू’ बढ़ रहे हैं और अंधाधुंध तरीके से खेल चल रहा है। सुनेत्रा पवार से पूछा जाए तो वे कहती हैं, ‘‘सही समय पर क्या है, पता चल ही जाएगा।’’ सुप्रिया सुले इस ‘टीम’ की मालकिन होकर भी खुलकर मैदान में उतरने को तैयार नहीं थीं, पर अब उन्होंने इस नाटक पर पर्दा गिरने की घोषणा कर दी है। विलीनीकरण का
नाटक और खेल
खत्म होने की घोषणा की है। फिर भी विलीनीकरण नाटक के पात्र और खिलाड़ी सुप्रिया की बात मानने को तैयार नहीं हैं। इस खेल के जानकार कहते हैं, ‘‘तीसरी घंटी भी बजेगी और खेल का अंतिम नतीजा भी आएगा।’’ अब एक ऐसा ‘तर्क’ सामने आया है कि विलय लगभग हो ही गया है। शरद पवार राष्ट्रीय अध्यक्ष और सुनेत्रा पवार कार्यकारी अध्यक्ष, इस ‘पैकेज’ पर सहमति बन गई। दूसरा पैकेज ऐसा बताया जाता है कि जयंत पाटील, आव्हाड वगैरह दो मंत्री महाराष्ट्र वैâबिनेट में होंगे और सुप्रिया सुले केंद्र में जाएंगी। विलय के खेल में अफवाहों और खबरों की गेंदें इधर से उधर उछाली जा रही हैं। शरद पवार की पार्टी महाविकास आघाड़ी और इंडिया गठबंधन में होते हुए ऐसी चर्चाएं होना शरद पवार की छवि के लिए घातक है। अमित शाह द्वारा प्रायोजित राष्ट्रवादी गुट का वैचारिक आगा-पीछा नहीं है और वे सब एकजात बाजारू लोग हैं। हसन मुश्रीफ जैसे बाजारू लोगों के गोकुल वाले खेल देखने के बाद ऐसे बेकार लोगों के साथ शरद पवार को चर्चा भी नहीं करनी चाहिए। शाहू, फुले, आंबेडकर, यशवंतराव चव्हाण के विचार को कूड़े में डालकर ये सत्ताभोगी बन गए हैं। शरद पवार की पार्टी में मंत्री पद के लिए लालायित दो-चार लोग हो सकते हैं। उनके लिए शरद पवार अपनी जिंदगी के इतने सालों से पाले हुए सत्व को नष्ट करें, यह उचित नहीं है। इस खेल में कौन किसमें विलीन होगा, यह अगला सवाल है। भाजपा के पैरों में चाटुकारिता करने वाले गुट के साथ शरद पवार चर्चा करते बैठें और महाराष्ट्र में भ्रम, संदेह का माहौल बने, यह राज्य की परंपरा को शोभा नहीं देता। शरद पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटील, शशिकांत शिंदे जैसे नेताओं को इस खेल में बह नहीं जाना चाहिए। ओछे लोग ही ऐसे बह जाते हैं। विलय का खेल दिन-ब-दिन हास्यास्पद होता जा रहा है!




