अंतर्राष्ट्रीय

चीन में तीन महाशक्तियों का महामंथन: ट्रंप, चिनफिंग और पुतिन के बीच 4 मुद्दों पर बनी सहमति

बीजिंग। चीन के शेन्जेन में आयोजित त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन के बाद रूस, चीन और अमेरिका ने घोषणापत्र अपनाया गया।

19 नवंबर को शेन्जेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंगऔर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई इस ऐतिहासिक मुलाकात के बाद ‘शांति की दिशा में रूस-चीन-अमेरिका राष्ट्राध्यक्षों का घोषणापत्र’ जारी किया गया।

इसमें संयुक्त राष्ट्र में सुधार करने, रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने, तथा परमाणु जोखिमों को कम करने पर चर्चा करने की प्रतिबद्धता जताई गई है।

घोषणापत्र के मुताबिक तीनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर गहन विचार-विमर्श किया और रणनीतिक स्थिरता तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। रूसी और अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने इस त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए चीन की सराहना भी की थी।

1. परमाणु हथियार नियंत्रण और अप्रसार

  • तीनों नेताओं ने परमाणु जोखिमों को कम करने और परमाणु अप्रसार पर लगातार बातचीत की प्रतिबद्धता जताई। हालांकि, इसके लिए कोई ठोस समझौते या पहले से मौजूद समझौते को आगे बढ़ाने की सहमति नहीं बन पाई।
  • बैठक के बाद जारी संयुक्त घोषणापत्र में तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की तरफ से यह संकल्प दोहराया गया कि परमाणु युद्ध कभी जीता नहीं जा सकता और इसे कभी लड़ा नहीं जाना चाहिए। 
  • शी जिनपिंग ने परमाणु हथियारों को मानवता के सिर पर लटकती ‘दामोक्लेस की तलवार’ बताते हुए इनके पूरी तरह से खात्मे और इन पर प्रतिबंध की बात कही।
  • दूसरी ओर ट्रंप ने अमेरिका, रूस और चीन के बीच एक नए और आधुनिक परमाणु अप्रसार समझौते की इच्छा जताई और दुनिया भर में, खासकर ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए सहयोग को जरूरी बताया।

2. यूक्रेन और ईरान के युद्ध 

तीनों देशों की तरफ से जो साझा बयान जारी किया गया है, उसमें कहीं भी रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान के बीच जारी युद्ध का जिक्र नहीं मिलता। हालांकि, ट्रंप-शी की बैठक में यूक्रेन और ईरान दोनों संघर्षों की चर्चा की बात सामने आई। 

उधर रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि यूक्रेन तीनों नेताओं की बैठक का मुख्य मुद्दा नहीं था। हालांकि, उन्होंने बैठक में यूक्रेन का जिक्र न होने से इनकार भी नहीं किया। दूसरी तरफ अमेरिका ने अब तक इस बैठक से जुड़ा आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किया है। 

यूक्रेन युद्ध: इस शिखर सम्मेलन में यूक्रेन या उसके पश्चिमी सहयोगियों की मौजूदगी के बिना ही युद्ध समाप्त करने को लेकर चर्चा हुई। ट्रंप ने कहा कि वे और अन्य पक्ष इस युद्ध का अंत देखना चाहते हैं, वहीं पुतिन ने भी क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान के तहत यूक्रेन पर चर्चा का प्रस्ताव रखा।

ईरान संघर्ष: ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध और इसके वैश्विक प्रभावों पर चर्चा की। इसके साथ ही

3. ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा 

  • तीनों देशों की ओर से जारी संयुक्त वक्तव्य में नेताओं ने वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की और रिफाइन्ड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
  • पुतिन ने वैश्विक और क्षेत्रीय स्तर पर खाद्य, ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा पर मिलकर काम करने की बात रखी।


4. अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय को चेताया 

  • संयुक्त बयान में तीनों देशों के बीच एक-दूसरे के अधिकारियों की कानूनी आजादी और स्वतंत्रता को बेहद अहम माना गया।
  • तीनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और इस जैसी अन्य संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। 
  • यह बिंदु विशेष रूप से पुतिन के लिए काफी अहम माना गया, क्योंकि उनके खिलाफ आईसीसी की जांच जारी है। इसके अलावा ट्रंप समय-समय पर आईसीसी की आलोचना करते रहे हैं।

5. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और उच्च तकनीक 

  • अत्याधुनिक तकनीक और एआई की क्षमता और सुरक्षा जोखिमों पर भी बात हुई। नेताओं ने एआई को मानवीय नियंत्रण में रखने और इसके खतरों को प्रबंधित करने पर विचार किया। 
  • ट्रंप ने कहा कि वे इस तकनीक की विशाल क्षमता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी वैश्विक नियमन के खिलाफ हैं, हालांकि इसके दुष्प्रभावों से सतर्क रहने की जरूरत है।


6. व्यापार और वैश्विक स्थिरता 

तीनों महाशक्तियों के बीच संवाद बनाए रखने और रणनीतिक स्थिरता कायम करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा अमेरिका और चीन के बीच द्विपक्षीय बातचीत में व्यापारिक रिश्तों, टैरिफ और ताइवान के मुद्दे पर भी चर्चा की गई।

जब बैठक में कोई ठोस फैसला नहीं तो इसका नतीजा क्या?

शेनझेन में हुई इस त्रिपक्षीय बैठक में तीनों नेताओं- डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन ने किसी बड़े समझौते के बजाय मुख्य रूप से अपनी ताकत के प्रदर्शन और अपने-अपने कूटनीतिक हितों को दर्शाने में सफलता हासिल की। 

  • बैठक के जरिए तीनों नेताओं ने यह दर्शाने दुनिया के सबसे जटिल मुद्दों को वैश्विक संस्थाओं या सहयोगियों के बजाय वे तीनों मिलकर तय करने की खास जिम्मेदारी रखते हैं।
  • बैठक ने 1945 के याल्टा सम्मेलन की याद ताजा की, जहां बिना छोटे देशों, जैसे- यूक्रेन या यूरोपीय सहयोगियों की उपस्थिति के ही महाशक्तियां प्रभाव क्षेत्रों और वैश्विक स्थिरता पर चर्चा करने की स्थिति में दिखीं।
  • सीएनएन के विश्लेषण के मुताबिक, 81 मिनट की बैठक विवादों को सुलझाने के लिए काफी नहीं है। हालांकि, शी और पुतिन ने इसे उस दृष्टिकोण के प्रमाण के रूप में पेश किया कि शक्ति का वैश्विक संतुलन बदल रहा है।

बैठक के जरिए तीनों नेताओं ने क्या हासिल किया?

1. व्लादिमीर पुतिन के लिए: अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत वापसी

  • यूक्रेन पर आक्रमण के बाद वर्षों तक अलग-थलग रहने के बाद, पुतिन ने दुनिया के सबसे बड़े कूटनीतिक मंच पर सबसे शक्तिशाली राष्ट्रों के साथ बराबरी के स्तर पर अपनी वापसी दर्शायी है। 
  • उन्हें बैठक में सर्वोच्च सम्मान की सीट (शी जिनपिंग के दाहिनी ओर) पर दिखाया गया, और बैठक के संयुक्त बयान में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) के अधिकार क्षेत्र और अधिकारियों की कानूनी स्वतंत्रता का मुद्दा शामिल कराकर उन्होंने अपनी कूटनीतिक जीत प्रदर्शित की।

2. शी जिनपिंग के लिए: वैश्विक शांतिदूत और मध्यस्थ की भूमिका

  • शी जिनपिंग ने खुद को और चीन को एक अंतरराष्ट्रीय संयोजक और निर्णायक ‘पावर ब्रोकर’ के रूप में पेश किया, जो अमेरिका और रूस जैसी विरोधी शक्तियों को एक मेज पर ला सकता है। 
  • बिना कोई जटिल प्रतिबद्धता किए उन्होंने अमेरिका के बराबर खड़े होकर वैश्विक मामलों को दिशा देने की अपनी क्षमता दिखाई।
  • 3. डोनाल्ड ट्रंप के लिए: घरेलू झटकों के बीच वैश्विक दबदबा
  • अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में लगे राजनीतिक झटकों के बावजूद, ट्रंप ने यह दर्शाने में सफलता पाई कि वे अभी भी दो सबसे ताकतवर और अनियंत्रित सत्ता वाले नेताओं के साथ खेल में बने हुए हैं और व्यक्तिगत संबंधों के जरिए कूटनीति चला सकते हैं।
  • उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि केवल व्यक्तिगत बातचीत और संवाद से ही शांति का रास्ता निकाला जा सकता है।

Related Articles

Back to top button