छत्तीसगढ़

जमीन विवाद पर  दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम

कवर्धा। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में भूमि अतिक्रमण को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच विवाद अचानक बढ़ गया। मामला तब गंभीर हो गया, जब एक पक्ष ने आरोप लगाते हुए कवर्धा–राजनांदगांव नेशनल हाईवे 130A पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर अचानक लगे जाम से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और ग्रामीणों में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचना पड़ा।

प्रदर्शनकारी पक्ष का कहना है कि स्कूल के लिए सुरक्षित की गई भूमि पर दूसरे पक्ष द्वारा अवैध रूप से कबीर कुटी का निर्माण किया जा रहा था। सोहननाथ शिव उपासक ने बताया कि गांव के लोगों ने इस कथित अवैध कब्जे का कई बार विरोध किया था और प्रशासन से शिकायत भी की लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह रोका नहीं जाता और भूमि को विद्यालय के लिए सुरक्षित नहीं किया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

दूसरी ओर जीवन झारिया ने बताया कि वर्ष 2003 से झारिया समाज का भवन उक्त स्थान पर मौजूद है। उनका कहना है कि हाल ही में हुए सामाजिक सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के समक्ष समाज के लिए भूमि की मांग रखी गई थी, जिसके बाद समाज ने कबीर कुटी निर्माण कार्य शुरू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सोहननाथ शिव उपासना समूह के लोगों ने विरोध करते हुए कबीर कुटी को तोड़ दिया और समाज के लोगों के साथ गाली-गलौज की।

स्थिति बिगड़ने पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार विवेक गोहिया ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि विवादित भूमि की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही रास्ता खाली कर यातायात सुचारू कर दिया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई गई है। प्रशासन दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button