टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को हराया, बोले धीरेंद्र शास्त्री-‘बाप तो बाप होता है’

Madhya Pradesh, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में टीम इंडिया की जीत पर बड़ा बयान दिया है. छतरपुर में दिए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि ‘बाप तो बाप होता है’ और भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की खुलकर सराहना की.
टी20 वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए थे. इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम मात्र 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई और भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की. इस जीत के बाद पूरे देश में खुशी का माहौल देखने को मिला.
बेहद ही दमदार है भारतीय खिलाड़ी- आचार्य धीरेंद्र शास्त्री
आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जैसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया था. वैसे ही क्रिकेट के मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी बेहद दमदार हैं और मैदान पर आत्मविश्वास के साथ खेलते हैं.
उन्होंने अपने समर्थकों से ताली बजाकर टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने की अपील की और सभी खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी. उन्होंने साफ कहा कि इस मैच को किसी ने ‘जितवाया’ नहीं, बल्कि भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और शानदार खेल की वजह से यह जीत मिली है. हमने तो सिर्फ भगवान से प्रार्थना की थी.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा आचार्य का बयान
आचार्य शास्त्री ने भावुक अंदाज में कहा कि भारत किसी भी देश से हार सकता है. लेकिन पाकिस्तान से जीतते रहना चाहिए. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और समर्थकों में जोश और उत्साह देखने को मिला. यह जीत सिर्फ एक मैच की जीत नहीं है. बल्कि देशवासियों के आत्मविश्वास और गर्व का प्रतीक बन गई.




