टेंपो ने स्कूटी में मारी टक्कर, बच्चे की मौत, डेरावल नगर इलाके में हुआ हादसा, फरार ड्राइवर गिरफ्तार

नई दिल्ली: मॉडल टाउन के डेरावल नगर इलाके में सोमवार रात एक टेंपो ने सामने से आ रही स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पर पीछे बैठी महिला की गोद से 18 महीने का बच्चा उछलकर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद टेंपो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 अक्टूबर को डेरावल नगर के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कूटी और टेंपो के बीच टक्कर हुई थी। टक्कर लगने के बाद बच्चा सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। बच्चे को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
टेंपो की टक्कर के बाद स्कूटी पर पीछे बैठी मां की गोद से उछलकर रोड पर गिरा बच्चा
मामले की जांच में जुटी पुलिस
आरोपी ड्राइवर के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 (खतरनाक और लापरवाही से गाड़ी चलाना), 106 (लापरवाही से मौत) और 125(ए) (किसी की जान या सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ इस हादसे के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। माता-पिता के आंखों से आंसू नहीं थम रहे हैं।
हादसे के बाद परिवार में मातम
18 महीने के बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बच्चे की किलकारियों से घर में रौनक रहती थी, उसकी अचानक मौत ने माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




