दिल्ली

ट्रेन में दोस्ती, फिर धोखा! फोन लेकर देखा UPC कोड, SIM पोर्ट कर OTP से उड़ाए 48 हजार

दिल्ली के रोहिणी जिले की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने ट्रेन में दोस्ती का नाटक कर महिला का मोबाइल हासिल किया, SIM पोर्टिंग के जरिए उसके नंबर पर कब्जा किया और OTP के जरिए क्रेडिट कार्ड से 48 हजार रुपये उड़ा लिए.

रोहिणी सेक्टर-6 की रहने वाली एक महिला जनवरी 2026 में अपने बेटे के साथ कानपुर से दिल्ली लौट रही थीं. ट्रेन में सचिन गुप्ता नामक युवक और एक युवती ने उनसे दोस्ती की और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया. फोन करने का बहाना बनाकर आरोपियों ने महिला और उनके बेटे के मोबाइल फोन कुछ देर के लिए ले लिए और वापस कर दिए. अगले ही दिन दोनों के मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गए और महिला के क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में करीब 48 हजार रुपये की ठगी हो गई.

 JIO स्टोर का अनुभव बना हथियार

दिल्ली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि दोनों मोबाइल नंबर फर्जी तरीके से JIO में पोर्ट कराए गए थे. तकनीकी जांच और मनी ट्रेल के आधार पर पुलिस ने नाथूपुरा, बुराड़ी इलाके में छापा मारकर 26 वर्षीय सचिन कुमार गुप्ता और 23 वर्षीय नितिन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि सचिन पहले JIO स्टोर में काम कर चुका था और उसे SIM पोर्टिंग प्रक्रिया की पूरी जानकारी थी. उसने मोबाइल से UPC कोड हासिल कर नए SIM जारी कराए और OTP के जरिए बैंकिंग ऐप का एक्सेस लेकर पैसे ट्रांसफर कर दिए.

 मोबाइल और ATM कार्ड बरामद, जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन और एक ATM कार्ड बरामद किया है. फिलहाल पुलिस ठगी की रकम बरामद करने की कोशिश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button