ठगों ने तंत्र-मंत्र के जरिए पैसे 100 गुना करने का झांसा देकर जमीन कारोबारी से की ठगी, आरोपियों को पुलिस ने दबोचा…

रायपुर। राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र से पैसे 100 गुना करने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है. गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में दो शातिर ठगों ने जमीन कारोबारी को अपने जाल में फंसाकर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर ली. प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के शहर छोड़कर भागने से पहले ही गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है.
गुढ़ियारी के साहू पारा निवासी कारोबारी रुस्तम कुर्रे ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शातिर ठग पूठा-पाठ के नाम पर असली नोट लेकर नकली चिल्ड्रन नोटों से भरा थैला थमाकर फरार हो गए है. पुलिस ने आरोपी राहुल भारती और उसके साथी तथाकथित तांत्रिक मयंक दास के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
आरोपी के शहर छोड़कर भागने से पहले ही पुलिस को दोनों ठगों के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि यह बड़ा गिरोह हो सकता है, जो ठगी की और वारदातों को भी अंजाम दे चुका होगा.



