छत्तीसगढ़

ठेकेदार से घूस लेते PWD सब इंजीनियर रंगे हाथों गिरफ्तार….

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोप है कि बंजारे ठेकेदार अंकित मिश्रा से बिल पास करने के एवज में ₹21,000 की रिश्वत मांग रहे थे. अंबिकापुर एसीबी की टीम ने बुधवार को यह कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी के घर पर भी तलाशी जारी है.

जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार अंकित मिश्रा ने विभाग का कार्य पूरा करने के बाद बिल पास कराने के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर लगाए. इस दौरान सब इंजीनियर बंजारे ने भुगतान के लिए ₹21,000 की मांग की. रिश्वत मांग से परेशान ठेकेदार ने अंबिकापुर एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई.  

शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय समय पर जैसे ही बंजारे ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उन्हें केमिकल लगे नोटों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया.

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने सब इंजीनियर के मनेंद्रगढ़ स्थित घर में छापा मारा. सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान बेहिसाब संपत्ति और अवैध लेनदेन से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना है. तलाशी कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की उम्मीद है.  

एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button