दिल्ली में ‘जहरीली’ हवा का कहर जारी, 15 दिन से नहीं टूटा दमघोंटू धुंध का सिलसिला

दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता लगातार 15वें दिन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह 7 बजे शहर का एक्यूआई 338 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 385 की तुलना में थोड़ी बेहतर स्थिति दर्शाता है। हालांकि, नवंबर महीने में राजधानी में लंबे समय तक उच्च स्तर का प्रदूषण देखा गया है, जिससे लोगों की सांस लेने की स्थिति प्रभावित रही।
शुक्रवार को शहर का औसत एक्यूआई 369 था, जो यह दर्शाता है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार कई दिनों से गंभीर स्थिति में है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले सप्ताह भी हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं होगा और राजधानी में ‘बहुत खराब’ श्रेणी जारी रह सकती है। ऐसे हालातों में लोगों को मास्क पहनने, बाहरी गतिविधियों को कम करने और प्रदूषण से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।
मन की बात कार्यक्रम से जागरूक करें पीएम मोदी
पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी ने एक्स पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि वह इस मामले में उनके हस्तक्षेप की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध किया कि वे अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में दिल्ली के प्रदूषण पर बात करें और पूरे देश को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता अपने कार्यकाल में कई बार देखी है।




