दिल्ली में 14 दिसंबर को वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली, कांग्रेस नेताओं की हुंकार- ट्रेन रोकी गई तो बसें तैयार

रायपुर: 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है. प्रदेश कांग्रेस के नेता दीपक बैज से लेकर एआईसीसी ओबीसी विभाग तक, सभी स्तरों पर दावा किया जा रहा है कि सरकार की रोक-टोक, फ्लाइट-ट्रेन कैंसिलेशन और रेलवे की ओर से इनकार के बावजूद हज़ारों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे और सरकार के खिलाफ जोरदार हुंकार भरेंगे.
रेलवे ने मांगी स्पेशल ट्रेन देने से मना किया-दीपक बैज
कांग्रेस प्रदेश सदस्य दीपक बैज ने बताया कि ‘वोट कर गद्दी छोड़’ अभियान की 14 दिसंबर को होने वाली महारैली में देशभर से कार्यकर्ता शामिल होंगे. छत्तीसगढ़ से भी हज़ारों कार्यकर्ता भेजने की तैयारी है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने रेलवे विभाग को अतिरिक्त बोगी जोड़ने और स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने का औपचारिक अनुरोध किया था, लेकिन रेलवे ने साफ इनकार कर दिया. बैज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए केंद्र सरकार दबाव बना रही है.
फ्लाइट–एयरलाइंस संकट जानबूझकर बनाया गया-बैज का आरोप
दीपक बैज ने कहा कि फ्लाइट और एयरलाइंस की दिक्कतें पूरे देश में खड़ी कर दी गई हैं, ताकि कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली न पहुंच सकें. उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष नहीं चाहता कि राहुल गांधी के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान में बड़ी संख्या में लोग जुटें. इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता हर हाल में दिल्ली जाएंगे. उन्होंने कहा—”सरकार चाहे जितना रोक ले, हम दिल्ली पहुंचेंगे और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे.”
हर वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे, रोकेंगे तो विरोध होगा—कांग्रेस का संदेश
बैज ने बताया कि पार्टी हर वैकल्पिक साधन पर काम कर रही है. बस, लोकल ट्रेन, साधारण ट्रेन, कार और अन्य मार्ग. उन्होंने कहा कि यदि सरकार रोकने की कोशिश करती है तो कांग्रेस इसका जोरदार विरोध करेगी. रैली को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार है और जिला से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है.
65% ओबीसी की ताकत दिल्ली में दिखेगी
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की बैठक के बाद राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी गुप्ता ने बताया कि 1 दिसंबर को उनका नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद 7 दिसंबर को एआईसीसी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने एक बड़ी बैठक ली. उन्होंने सभी राज्यों को लक्ष्य दिया कि महारैली में ओबीसी समाज की 65% से अधिक भागीदारी दिखनी चाहिए. गुप्ता ने कहा कि देश में 65% ओबीसी आबादी है और दिल्ली की रैली में यह ताकत खुलकर सामने आएगी.
फ्लाइट–ट्रेन रद्द होने की आशंका, इसलिए बसों की बड़ी व्यवस्था—ओबीसी विभाग
लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि फ्लाइट और ट्रेन कैंसिल होने की आशंका को देखते हुए बसों का सबसे बड़ा विकल्प चुना गया है. हर जिले से बस बुक की जा रही है. कई लोग लोकल ट्रेन और फ्लाइट की बुकिंग भी करा चुके हैं. गुप्ता के अनुसार—हमारे पास हर स्थिति के लिए बैकअप है. अगर फ्लाइट रद्द होती है तो ट्रेन का विकल्प है, और ट्रेन रोकी गई तो बसें तैयार हैं.




