दुनियाभर में बब्बर शेर बन दहाड़ा ‘धुरंधर’, 5 दिन में पहुंचा 800 करोड़ के करीब

नई दिल्ली। आदित्य धर निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टिकट खिड़की पर जलवा भारत के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भी दिख रहा है। फिल्म की निर्माता कंपनी जियो स्टूडियोज ने मंगलवार को पहली बार कमाई के आधिकारिक आंकड़े जारी किए हैं।
पहले ही दिन दुनियाभर में 240 करोड़ की ओपनिंग लेने वाली रणवीर सिंह की इस स्पाई-थ्रिलर फिल्म ने महज 5 दिनों के अंदर तगड़ी कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर सफलता का बिगुल बजा दिया है। फिल्म का अब तक कितना कलेक्शन हुआ है और वर्ल्डवाइड 800 करोड़ के क्लब में शामिल होने से यह कितनी दूर है,
वर्ल्डवाइड ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने कर ली इतनी कमाई
रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की वर्ल्डवाइड कमाई के ऑफिशियल आंकड़े इसकी निर्माता कंपनी जियो स्टूडियोज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए हैं। जियो स्टूडियोज ने जानकारी शेयर करते हुए बताया कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने अभी तक ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 761 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस फिल्म को 800 करोड़ के क्लब में शामिल होने के लिए केवल 39 करोड़ रुपये की और दरकार है, जो आज मुमकिन हो सकता है।
इसके अलावा मेकर्स ने फिल्म के ओवरसीज मार्केट में कलेक्शन के आंकड़े भी शेयर किए हैं, जो 211 करोड़ के आसपास हैं। ‘धुरंधर 2’ ने इंडिया में 519.12 करोड़ रुपये का नेट और 550 करोड़ रुपये का ग्रॉसकलेक्शन कर लिया है।
साउथ में भी ‘धुरंधर-2’ की पकड़ हुई मजबूत
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की साउथ में शुरुआत भले ही धीमी थी, लेकिन अब फिल्म ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन तेलुगु भाषा में सिंगल डे पर 3.50 करोड़ का कलेक्शन किया है। वहीं तमिल में भी फिल्म की कमाई 1.20 करोड़ रुपये तक हुई है।
मलयालम और कन्नड़ भाषा में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने सिर्फ 15-15 लाख रुपये का कारोबार किया है। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जहां बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है, वहीं फिल्मी दुनिया के अनेक धुरंधरों ने फिल्म की तारीफों के पुल बांध दिए हैं। दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत ने एक्स पर एक पोस्ट में इसे बॉक्स ऑफिस का ‘बाप’ बताया है। उन्होंने कहा, “मैं रणवीर और पूरी कास्ट को बधाई देता हूं। हर भारतीय को इसे देखना चाहिए। जय हिंद।” इसी तरह नागार्जुन, आलिया भट्ट और काजल अग्रवाल ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की है।



