दोस्तों संग पार्टी मनाने गए 17 साल के छात्र की डूबने से मौत, घरवालों का रोकर बुरा हाल

सीधी (सूरज शुक्ला): सीधी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरियरा बंधा में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों संग नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हैया कुमार गौतम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ बंधा के पास पार्टी करने गया था, जहां नहाने के दौरान यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, किशोर और उसके साथी दोपहर करीब 1 बजे बंधा पहुंचे थे। इस दौरान सभी नहा रहे थे, तभी कन्हैया गहरे पानी में चला गया और वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक वह नजर नहीं आया तो उसके दोस्त राकेश केवट और अन्य साथियों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद तत्काल परिवार और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला गया। SDRF टीम के कार्टून कमांडर मयंक तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, सुरक्षा सेटअप तैयार किया गया और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अंततः देर शाम शव बरामद किया गया।
थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि मृतक 17 वर्षीय किशोर था, जो अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाते वक्त गहरे पानी में जाने से उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट होगा।




