नितीश रेड्डी-वॉशिंगटन अफगानिस्तान सीरीज के लिए फिट, मेडिकल स्टाफ से दोबारा खेलने की मंजूरी

नई दिल्ली। हाल में लगी चोटों के कारण ऐक्शन से बाहर रहे ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ से दोबारा खेलने की मंजूरी मिल गई है। इसका मतलब यह है कि दोनों अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज़ के लिए उपलब्ध रहेंगे। रेड्डी क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण हाल के आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरों से बाहर रहे थे, जबकि वॉशिंगटन हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाए थे। हालांकि अब दोनों पूरी तरह से फि़ट हैं।
दोनों को 13 सितंबर से शुरू होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन यह फि़टनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर था। तेज़ गेंदबाज़ों जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की स्थिति अभी पता नहीं चली है। इन्हें भी फि़टनेस मंज़ूरी मिलने की शर्त पर टीम में चुना गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज़ 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू होगी।




