अन्य खबरें

पिता की मौत के खर्च से हुई थी परेशान, सच जानने के लिए मुर्दाघर में करने लगी नौकरी, अब खोले कई राज!

अक्सर लोग मौत और श्मशान के नाम से ही घबरा जाते हैं, लेकिन विल्टशायर की हेली डेविस के लिए मुर्दाघर ही उनका कार्यक्षेत्र है. हेली ने यह पेशा किसी शौक से नहीं, बल्कि एक कड़वे अनुभव और गुस्से के कारण चुना था. अपने पिता के अंतिम संस्कार के भारी-भरकम खर्च से वह इतनी हैरान थीं कि उन्हें लगा कि अंतिम संस्कार उद्योग लोगों के दुख का सौदा करता है. इसी सच्चाई का पता लगाने के लिए वह खुद इस फील्ड में उतर गईं. आज 37 साल की हेली न केवल इस पेशे की बारीकियों को समझती हैं, बल्कि मुर्दों की सेवा में ही उन्हें सुकून मिलता है. हेली का सफर 2016 में एक फ्यूनरल सर्विस ऑपरेटर के तौर पर शुरू हुआ था, जहां उन्होंने ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के जरिए मॉर्टुअरी केयर यानी मुर्दाघर की देखभाल करना सीखा.

हेली बताती हैं कि जब उनके पिता का निधन हुआ, तब अंतिम संस्कार का बिल देखकर उन्हें गहरा सदमा लगा. उन्हें यकीन था कि यह इंडस्ट्री लोगों की बेबसी का फायदा उठाकर मुनाफा कमाती है. उन्होंने तय किया कि वह खुद सिस्टम के अंदर जाकर देखेंगी कि आखिर सच क्या है. लेकिन जैसे ही उन्होंने काम शुरू किया, उनकी सारी गलतफहमी दूर हो गई. हेली कहती हैं, “मुझे अहसास हुआ कि किसी के आखिरी सफर को गरिमापूर्ण, शांत और देखभाल से भरा बनाना कितना महत्वपूर्ण है. मैं खुद अपने पिता और तीन बच्चों को खोने का दुख जानती हूं. अगर मैं किसी परिवार के आखिरी विदाई के पल को थोड़ा आसान और शांतिपूर्ण बना सकूं, तो मुझे संतुष्टि मिलती है.” हेली का कहना है कि जब भी वह अजनबियों को अपने पेशे के बारे में बताती हैं, तो लोग हैरान रह जाते हैं.

ग्लैमरस फ्यूनरल वाली को देख लोग होते हैं हैरान!
हेली अपने मेकअप और स्टाइल के लिए जानी जाती हैं, इसलिए लोग अक्सर उन्हें देखकर अंदाजा लगाते हैं कि वह ब्यूटी इंडस्ट्री, एडमिन या मॉडलिंग में होंगी. जब वह बताती हैं कि वह एक मॉर्चुरी में काम करती हैं, तो लोगों के चेहरे का रंग उड़ जाता है. उनके ग्लैमरस लुक को देखकर लोग हैरान हो जाते हैं. उनके परिवार को भी शुरू में लगा कि वह मजाक कर रही हैं, लेकिन आज उन्हें हेली के काम पर गर्व है. अपने काम के दौरान हेली ने कई ऐसी चीजें देखी हैं जो आम इंसान सोच भी नहीं सकता. वह बताती हैं कि कई बार मृत शरीर के पास खड़े होकर परिजन आपस में बुरी तरह चिल्लाते और लड़ते हैं. एक दर्दनाक अनुभव शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि एक बार कई दिनों पहले मर चुके बुजुर्ग व्यक्ति की त्वचा इतनी गल चुकी थी कि जब हेली ने उनकी पत्नी की इच्छा पूरी करने के लिए उनके हाथ में माला रखनी चाही, तो उस व्यक्ति की त्वचा उनके दस्तानों पर ही चिपक गई.

Related Articles

Back to top button