उत्तरप्रदेश

पिता को बचाने आए बेटे को पड़ोसियों ने चाकुओं से गोदा, 

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां मामूली विवाद ने इतना खौफनाक रूप ले लिया कि एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप पड़ोस में रहने वाले एक युवक, उसकी बहन और मां पर लगा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरी घटना?
घटना दुबग्गा के बेगरिया इलाके की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे राजेंद्र गौतम अपने घर के बाहर पड़ोसी निशु से बात कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला मोहित मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगा। जब राजेंद्र ने उसे टोकना चाहा, तो विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

बेटे ने की पिता को बचाने की कोशिश, मिली मौत
शोर सुनकर मोहित की मां रंजना और बहन शिवानी भी मौके पर पहुंच गईं। विवाद के बीच राजेंद्र का बेटा सूरज गौतम (22 वर्ष) अपने पिता को बचाने के लिए दौड़कर आया। आरोप है कि इसी दौरान शिवानी घर के अंदर से चाकू निकाल लाई और अपने भाई व मां के साथ मिलकर सूरज पर हमला बोल दिया। शिवानी ने सूरज के शरीर पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में घायल सूरज को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर भागे, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज एक प्राइवेट फर्म में काम करता था और घर का होनहार बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस की कार्रवाई
दुबग्गा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बहन शिवानी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button