राजनीति

पीएम से सीखा है कि कब बोलना है और कब नहीं… केंद्रीय मंत्री रिजीजू ने विपक्ष को दे डाली ये खास नसीहत

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने शुक्रवार को कहा कि दुनियाभर में हो रही घटनाओं के बीच, कोई भी देख सकता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किन मुद्दों पर बोलते हैं और कई बार यह भी तय करते हैं कि कब नहीं बोलना है। रीजीजू ने कहा कि कभी-कभी ”चुप रहना भी एक ताकत है” और आवश्यकता से अधिक बोलना भी नुकसानदायक साबित हो सकता है। रीजीजू ने यहां मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हाल के दिनों में भारत-अमेरिका संबंधों के समक्ष आई चुनौतियों से संबंधित एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की।

मैंने प्रधानमंत्री से बहुत कुछ सीखा है

रीजीजू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कब बोलना है और कब नहीं बोलना है, मैंने प्रधानमंत्री से बहुत कुछ सीखा है, मैं चाहता हूं कि विपक्ष भी सीखे।” सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी भी सेना एवं रक्षा थिंक टैंक ‘सेंटर फॉर लैंड वारफेयर स्टडीज’ द्वारा आयोजित ‘चाणक्य डिफेंस डायलॉग: यंग लीडर्स फोरम’ में मंच पर उपस्थित थे।

इससे पूर्व रिजीजू ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर यहां मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
रीजीजू ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने का लक्ष्य केवल ”कल्पना मात्र” नहीं है, बल्कि यह ”हमारे देश को दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बनाने की यात्रा” है।

देश की संपत्ति बनें युवा

मंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि सशस्त्र बलों के पराक्रम और सही भावना से संपन्न युवाओं के सहयोग से यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बाद में, उपस्थित लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को ”परिसंपत्ति” बनना चाहिए, न कि ”बोझ”। उन्होंने कहा कि वे इसे भारत के लिए जनसांख्यिकीय लाभांश कहते हैं, लेकिन यदि इसका उचित दिशा में उपयोग नहीं किया गया तो यह एक ”बोझ” बन सकता है, इसलिए यह एक ”बहुत महत्वपूर्ण अवधि” है।

अब तक देश को विकसित का दर्जा नहीं

उन्होंने कहा, ‘संविधान सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है… इसलिए, जितनी भी स्वतंत्रता दी जा रही है, उसकी एक सीमा होनी चाहिए। आपको स्वतंत्रता है, देश के लिए कुछ कीजिए। जिस स्थिति में कोई देश के खिलाफ आवाज उठाता है, वहां उसकी स्वतंत्रता पर अंकुश लगना चाहिए।” रीजीजू ने कहा कि भारत को 1947 में आजादी मिली और अब तक उसे विकसित देश का दर्जा नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि हमें इस बात पर विचार करना चाहिए कि ऐसा क्या है कि इतने महान मानव संसाधन, महान विरासत और एक महान राष्ट्र होने के बावजूद भारत अभी तक विकसित राष्ट्र का दर्जा हासिल नहीं कर पाया है। प्रधानमंत्री (मोदी) ने सही ही लक्ष्य निर्धारित किया है, क्योंकि लक्ष्य कभी निर्धारित ही नहीं किया गया था।’ मंत्री ने कहा, ‘यात्रा के लिए एक गंतव्य होना चाहिए, एक निर्धारित मार्ग होना चाहिए जिस पर हमें आगे बढ़ना चाहिए।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button