खेल

फिर एक्शन में दिखेंगे कोहली-रोहित, भारत में एक टेस्ट और तीन वनडे खेलेगी अफगानिस्तान की टीम

 ब्यूरो— नई दिल्ली

अफगानिस्तान टीम छह से 20 जून के बीच भारत में एक टेस्ट और तीन वनडे खेलेगी। आईपीएल का 19वां सीजन खत्म होने के बाद सीरीज शुरू होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शेड्यूल रिलीज करते हुए बताया कि मुल्लांपुर में टेस्ट मैच से सीरीज शुरू होगी। फिर धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में तीन वनडे खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने बताया कि महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में छह से 10 जून तक टेस्ट मैच होगा। फिर 14 जून को एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में पहला वनडे, 17 जून को इकाना स्टेडियम में दूसरा वनडे और 20 जून को चेपॉक स्टेडियम में तीसरा वनडे खेला जाएगा। सभी वनडे दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे। टीम इंडिया फिलहाल होमग्राउंड पर टी-20 वल्र्ड कप खेल रही है।

भारत ने रविवार को सुपर-8 स्टेज मैच में वेस्टइंडीज को हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। जहां टीम का सामना पांच मार्च को इंग्लैंड से होगा। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल आठ मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। दूसरी ओर अफगानिस्तान टीम ग्रुप स्टेज भी पार नहीं कर सकी। टीम को न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार मिली। अफगानिस्तान ने यूएई और कनाडा को जरूर हराया, लेकिन ये जीत सुपर-8 स्टेज में पहुंचने के लिए काफी नहीं थीं।

Related Articles

Back to top button