राष्ट्रीय

बंगाल में पहले चरण के लिए और तमिलनाडु में सभी सीटों पर आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, 23 अप्रैल को मतदान

 नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की सभी 234 सीटें और बंगाल में पहले चरण के लिए प्रचार का शोर मंगलवार शाम को थम जाएगा। दोनों राज्यों में 23 अप्रैल को मतदान होगा।

चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार थम जाएगा, जिसके बाद सभी तरह की सार्वजनिक रैलियां और राजनीतिक प्रचार प्रतिबंधित होंगे।

तमिलनाडु में इन पार्टियों के बीच मुकाबला

तमिलनाडु में 4,023 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला द्रमुक और अन्नाद्रमुक गठबंधन के बीच है। कई सीटों पर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके त्रिकोणीय मुकाबले में है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव में 5,73 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मतदान को बढ़ावा देने और 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, चुनाव आयोग ने राज्य भर में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किए हैं।

बंगाल में पहले चरण में कितनी सीटों पर चुनाव?

बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान होगा। इनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं।

मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की नौ, जलपाईगुड़ी की सात, अलीपुरद्वार की पांच, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की पांच, उत्तर दिनाजपुर की नौ, दक्षिण दिनाजपुर की छह, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम ब‌र्द्धमान की नौ, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झाड़ग्राम की चार, पुरुलिया की नौ व बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।

पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदाताओं की कुल संख्या तीन करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 है, जिनमें एक करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरुष, एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिला व 465 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button