बस्तर हुआ नक्सल मुक्त, दो दिन में 258 ने डाले हथियार: केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा ऐतिहासिक

रायपुर। नक्सलवाद के खिलाफ सरकार और सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और उत्तर बस्तर को नक्सल मुक्त घोषित करते हुए बताया कि करीब 170 नक्सलियों ने प्रशासन के समक्ष सरेंडर कर दिया है। गृहमंत्री ने इतने बड़े नक्सली सरेंडर के चलते आज के दिन को ऐतिहासिक बताया और 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने के वादे को भी दोहराया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर नक्सलियों के सरेंडर से जुड़े मुद्दे पर अहम पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में एक ऐतिहासिक दिन। आज छत्तीसगढ़ में 170 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। कल राज्य में 27 ने हथियार डाल दिए थे। महाराष्ट्र में कल 61 नक्सली मुख्यधारा में लौट आए।
मैं उनके निर्णय की सराहना करता हूं – केंद्रीय गृह मंत्री
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने एक्स पर लिखा, “पिछले दो दिनों में कुल मिलाकर 258 युद्ध-प्रशिक्षित वामपंथी उग्रवादियों ने हिंसा का त्याग किया है। मैं भारत के संविधान में विश्वास रखते हुए हिंसा का त्याग करने के उनके निर्णय की सराहना करता हूं। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इस समस्या को समाप्त करने के अथक प्रयासों के कारण नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें ले रहा है।”



