मध्यप्रदेश

बाथरूम में फोन पर बात कर रही थी छात्रा, सीनियर्स ने कहा- वार्डन को बता दूंगी तो कर ली आत्महत्या

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के निवाली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय शासकीय छात्रावास में मंगलवार देर रात एक कक्षा 9 की छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और मानसिक दबाव का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

नौवीं में पढ़ती थी छात्रा

निवाली थाना प्रभारी आर.के. लोवंशी ने बताया कि मृत छात्रा अश्विनी रावताले, निवासी गोंगवाड़ा (पानसेमल तहसील), ने छात्रावास के स्टोर रूम की खिड़की से फांसी लगाकर आत्महत्या की। वह एकलव्य छात्रावास में कक्षा 9 में अध्ययनरत थी।

बाथरूम में फोन पर कर रही थी बात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार रात छात्रा को बाथरूम में किसी से मोबाइल पर बात करते हुए सीनियर छात्राओं ने देख लिया था। इसके बाद सीनियर छात्राओं ने वार्डन से शिकायत करने की बात कही। बताया जा रहा है कि इस बात से घबराकर छात्रा ने मोबाइल फोन फेंक दिया और अपने कमरे में लौटने के बजाय पास के स्टोर रूम में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

स्टोर रूम में दी जान

जब छात्रा डिनर के लिए नहीं पहुंची, तो उसकी रूम पार्टनर ने उसे ढूंढना शुरू किया। स्टोर रूम में छात्रा को फांसी पर झूलता देख वार्डन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में एसडीएम पानसेमल रमेश सिसोदिया की उपस्थिति में तहसीलदार द्वारा पंचनामा तैयार किया गया। देर रात जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त जे.एस. डामोर भी छात्रावास पहुंचे। पुलिस ने बताया कि छात्रा का मोबाइल फोन रिकवर कर लिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

हॉस्टल परिसर में किया हंगामा

बुधवार को मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने से इनकार कर दिया और छात्रावास परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पानसेमल एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

इधर, जिला पंचायत बड़वानी के अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button