छत्तीसगढ़

 बिना काम कराए ठेकेदार को 35 लाख 82 हजार का भुगतान, अब दूसरी जगह बस स्टैंड शिफ्ट करने की तैयारी, शिवसेना ने जताया विरोध

आरंग। आरंग नगर पालिका में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक ठेकेदार को बिना काम किए ही 35 लाख 82 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया है। लेकिन निर्माण स्थल पर अभी तक एक ईंट भी नहीं रखी गई थी और इस निर्माण कार्य को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी है। इस कार्य को जल्द ही शुरू कराने और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिवसेना ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध जताया है।

क्या है मामला

पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में वर्ष 2023 में आरंग के बस स्टैंड का कायाकल्प करने के लिए 06 करोड़ 69 लाख रुपये का वर्क ऑर्डर मेसर्स राधेश्याम अग्रवाल अवंती विहार रायपुर को मिला था, इसमें सर्वसुविधायुक्त व्यावसायिक परिसर का निर्माण भी होना था। वर्क ऑर्डर में इस कार्य को डेढ़ साल में पूर्ण करना था लेकिन दो साल बीत गए लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। हैरानी की बात है कि ठेकेदार को इस कार्य के लिए 35 लाख 82 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया है। सत्ता परिवर्तन के बाद आरंग नगर पालिका में भाजपा काबिज हुई। तब नगर पालिका परिषद की बैठक में बस स्टैंड को बैहार में शिफ्ट करने की सहमति भाजपा पार्षदों और शिवसेना द्वारा दी गई थी। कांग्रेस ने इसका विरोध भी किया। चूंकि जिस जगह पर इस निर्माण कार्य को कराया जाना था वह जगह शामिलात चारागाह की जमीन है, इसके लिए मद परिवर्तन की आवश्यकता होगी।

इस दौरान प्रक्रिया अभी लंबी है। लेकिन बस स्टैंड को अन्य जगह शिफ्ट करने की जानकारी मिलने के बाद से नगर में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। आरंग में शिवसेना ने ग्रामीण जिलाध्यक्ष और पार्षद प्रतिनिधि राकेश शर्मा के नेतृत्व में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शीतल चंद्रवंशी को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया है। ज्ञापन में शिवसेना ने आरंग नगर पालिका प्रशासन और संबंधित ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर नए सिरे से निविदा आमंत्रित कर कार्य को आरंग के बस स्टैंड में ही शुरू कराने की मांग रखी है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार

इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शीतल चंद्रवंशी ने लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता को बताया कि ठेकेदार को उस वक्त प्रावधान के तहत अग्रिम भुगतान की गई थी। ठेकेदार अभी भी कार्य करना चाहता है, लेकिन स्थल परिवर्तन को लेकर परिषद में प्रस्ताव पास हुआ है, जिसके कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

वहीं आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन का कहना है कि भविष्य की जरूरत को देखते हुए आरंग नगर में व्यवसाय के क्षेत्र को विस्तार करने के उद्देश्य से इसका स्थान परिवर्तन किया जा रहा है। नए बस स्टैंड के बनने से पुराने बस स्टैंड के आसपास का व्यवसाय प्रभावित नहीं होगा। जब परिषद में बस स्टैंड के स्थल परिवर्तन का एजेंडा आया था तब शिवसेना के पार्षदों ने भी सहमति जताई थी, लेकिन शिवसेना द्वारा इसका अभी विरोध करना समझ से परे है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button