बिहार की चिंता में ‘दुबले’ हुए फडणवीस! …महाराष्ट्र की ‘त्रासदी’ छोड़ पहुंचे दिल्ली

/ मुंबई
राज्य में बाढ़ पीड़ितों के आंसू अभी थमे भी नहीं कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बिहार के विधानसभा चुनाव की चिंता सताने लगी है। महाराष्ट्र की त्रासदी की चिंता छोड़ वे बिहार के चुनाव के लिए दिल्ली में शीर्ष नेताओं से मिलने पहुंच गए हैं। चर्चा है कि बिहार में भाजपा को अपनी हार दिखने लगी है, ऐसे में भाजपा बिहार चुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। वहां लगने वाले ‘धनबल’ सहित तमाम विषयों को लेकर फडणवीस दिल्ली में हैं। उन्हें बिहार चुनाव का भरपूर टेंशन है क्योंकि उसके बाद महाराष्ट्र में स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं। इसीलिए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा जा रहा है कि बिहार चुनाव को लेकर चिंता में फडणवीस ‘दुबले’ हुए जा रहे हैं।
बता दें कि फडणवीस कल दिल्ली गए। उनके इस दौरे को लेकर विपक्ष ने भी सवाल उठाए हैं। बाढ़ग्रस्त किसानों के राहत पैकेज की घोषणा के तुरंत बाद फडणवीस दिल्ली रवाना हो गए। इसके पूर्व सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में भी उन्होंने दिल्ली का दौरा किया था। उस समय उन्होंने बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य केंद्रीय नेताओं से चर्चा की थी। लेकिन अब क्या है, जो वे दिल्ली में दौरा कर रहे हैं? विपक्ष के इस सवाल पर मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का कहना है कि सीएम का यह दिल्ली दौरा बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़ा हुआ है।
दांव पर है भाजपा की साख
बिहार में चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दो चरणों में होगा। पहला चरण ६ नवंबर और दूसरा ११ नवंबर को होगा। परिणाम १४ नवंबर को आएगा। तेजस्वी यादव ने युवाओं को रोजगार और सामाजिक न्याय का वादा करते हुए परिवर्तन की लहर लाने की कोशिश शुरू कर दी है। जनता का रुझान भी तेजस्वी की तरफ ज्यादा है। ऐसे में वहां भाजपा की साख दांव पर है। इसके चलते भाजपा को मुंबई से धनबल की जरूरत महसूस हुई है। संभवत: फडणवीस को उसी के लिए बुलाया गया है।




