बेबी, स्वीटी, तुम मेरे साथ नहीं सोओगी…, चैतन्यानंद के चैट से खुले क्रूर राज

दिल्ली पुलिस ने स्वयंभू धर्मगुरु स्वामी चैतन्यानंद को आगरा से गिरफ्तार किया। उन पर 17 महिला छात्रों के यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप है। उनके मोबाइल फोन से मिली चैट में यौन संबंध बनाने की मांग सामने आई।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक स्वयंभू धर्मगुरु और दिल्ली के एक प्रमुख संस्थान के पूर्व चांसलर स्वामी चैतन्यानंद को गिरफ्तार किया है। उस पर कम से कम 17 महिला छात्रों का यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने रविवार को उसे उत्तर प्रदेश के आगरा शहर से पकड़ा। उसके मोबाइल फोन से मिली चैट से यह बात सामने आई है कि उन्होंने कई महिला छात्रों से यौन संबंध बनाने की मांग की थी। एक चैट में तो उन्होंने एक महिला से यह भी पूछा था कि क्या वह किसी ऐसी महिला को जानती है जो ‘दुबई शेख का सेक्स पार्टनर’ बन सके।
पुलिस ने चैतन्यानंद के घर की तलाशी ली। वहां से एक सेक्स टॉय, 5 पोर्नोग्राफिक CD और PM नरेंद्र मोदी और पूर्व US राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ उसकी कुछ फर्जी तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। यह गिरफ्तारी तब हुई है जब उसे अगस्त महीने में ही उनके धार्मिक संगठन ने पैसे के गबन के आरोप में संस्थान से निष्कासित कर दिया था। यह निष्कासन यौन उत्पीड़न के आरोप सार्वजनिक होने से पहले ही हो गया था।
शर्मसार करने वाली चैट
दिल्ली पुलिस ने चैतन्यानंद के फोन से मिली चैट के कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इन चैट से साफ पता चलता है कि वह छात्रों से यौन संबंध बनाने की मांग करता था। पुलिस ने बताया कि एक चैट में उन्होंने एक महिला छात्र से सीधे तौर पर पूछा था, ‘You’ll not sleep with me?’ (क्या तुम मेरे साथ नहीं सोओगी?)। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि चैतन्यानंद छात्रों को अक्सर ‘बेबीट, ‘स्वीटी बेबी डॉटर डॉल’ जैसे शब्दों से संबोधित करता था। पुलिस ने उसके फोन से महिला छात्रों के साथ चैतन्यानंद की कुछ तस्वीरें भी बरामद की हैं। ये सभी सबूत उन पीड़ितों के बयानों की पुष्टि करते हैं जिन्होंने चैतन्यानंद पर आरोप लगाए हैं।
अभी और काली करतूत आएगी सामने
चैतन्यानंद को आगरा से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पांच दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उसे गुरुवार को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे पीड़ितों के बयानों का उपलब्ध सबूतों से मिलान कर रहे हैं। चैतन्यानंद के फोन से महिला छात्रों के साथ उनकी कुछ तस्वीरें भी मिली हैं। ये तस्वीरें भी जांच का हिस्सा हैं। पुलिस अब उनके सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है जिन्होंने उन्हें भागने में मदद की।




