राष्ट्रीय

भारतीय वायुसेना का हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे पर एयर शो, तिरंगे और दिल की आकृति से बांधा समां

हिसार

हरियाणा के हिसार में रविवार को भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक्स टीम ने अद्भुत एयर शो का प्रदर्शन किया। इस दौरान हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे पर आसमान तिरंगे के रंग में रंग गया। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम ने अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों से शहरवासियों का दिल जीत लिया। इस शानदार एयर शो का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। सुबह से ही लोग इस रोमांचक पल का इंतजार कर रहे थे। 9 हॉक टी-1 फाइटर जेट्स ने जैसे ही उड़ान भरी, दर्शकों की नजरें आसमान में टिकी रह गईं। सुबह आठ बजे से ही लोग एयर शो देखने के लिए हवाई अड्डे पर जुटने लगे थे। करीब साढ़े 10 बजे जब सूर्य किरण टीम के नौ लड़ाकू विमानों ने आसमान में उड़ान भरी, तो उनकी गर्जना से पूरा शहर गूंज उठा। लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और इन खास पलों को अपने मोबाइल फोन में कैद करने लगे।

यह हिसार के लोगों के लिए पहला ऐसा अनुभव था, जब उन्होंने एक साथ नौ विमानों के हैरतअंगेज करतब देखे। सूर्य किरण टीम के विमानों ने आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरे, जिसे देखकर लोग जोश से भर गए। दो विमानों ने उल्टी दिशा में उड़ान भरकर दिल की आकृति बनाई, जिसे देख दर्शक तालियां बजाने लगे। इसके अलावा शो में युवाओं को समर्पित करते हुए ‘वाई’ फॉर्मेशन भी बनाई गई। ये नजारा हर किसी को प्रेरित कर गया। सूर्यकिरण टीम के 13 पायलट्स ने अंबाला और सिरसा एयरबेस से उड़ान भरी थी, जिनकी रफ्तार 150 किमी प्रति घंटे से लेकर 650 किमी प्रति घंटे तक रही। इनकी सटीकता और तालमेल देख दर्शक दंग रह गए। देशभक्ति के गीतों और विमानों की गर्जना ने माहौल को और जोशीला बना दिया। हालांकि, इस एयर शो के कारण रविवार को हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा।

Related Articles

Back to top button