दिल्ली

‘भारत ने रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की

नेशनल डेस्कः भारत ने रविवार को अफगान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों में नागरिकों के मारे जाने की घटना निंदा की और अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए अपना समर्थन दोहराया। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले उसके अपनी आंतरिक विफलताओं को बाहरी बनाने का एक और प्रयास हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना ने शनिवार की रात अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों पर हवाई हमले किए, जिसके कारण कई नागरिक हताहत हुए। 

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘भारत रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक हताहत हुए हैं। यह पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक विफलताओं को बाहरी बनाने का एक और प्रयास है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए अपना समर्थन दोहराता है।’ 

वहीं, तालिबान ने कहा है कि इन हमलों ने अफ़गानिस्तान की राष्ट्रीय आज़ादी का उल्लंघन किया है। नंगरहार में तालिबान के सूचना प्रमुख कुरैशी बदलोन ने कहा कि हमलों में कम से कम 17 आम लोग मारे गए और छह लाशें मलबे में दबी हैं। 

तालिबान अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बेहसूद में एक ही परिवार के 18 लोग मारे गए, और 24 सदस्यों वाले परिवार में सिर्फ चार लोग ही जिंदा बचे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि हमले शनिवार आधी रात के आस-पास रिहायशी इलाकों में हुए, जिसमें नंगरहार में बेहसूद, खोग्यानी और गनी खिल ज़लिों के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पक्तिका में बरमल जिले को भी निशाना बनाया गया। उधर, पाकिस्तान ने कहा कि ये हमले हाल ही में इस्लामाबाद में एक शिया मस्जिद और रमज़ान के दौरान बाजौर और बन्नू में हुए आत्मघाती और कार बम हमलों के जवाब में किए गये गये हैं। 

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और इस्लामिक स्टेट खोरासान दोनों ने इसकी ज़म्मिेदारी ली है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तानी सेना द्वारा नंगरहार और पक्तिका प्रांतों पर बमबारी की निंदा की, और सही जवाब देने की चेतावनी दी। मिनिस्ट्री के स्पोक्सपर्सन इनायतुल्लाह ख्वारज़मी ने कहा कि इन हमलों में कई बेगुनाह औरतें और बच्चे मारे गए और घायल हुए। उन्होंने कहा, ‘ रक्षा मंत्रालय अफगानिस्तान की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा को राष्ट्रीय कर्तव्य मानता है और सही समय पर सही तथा सोच-समझकर जवाब देने की चेतावनी देता है।’

Related Articles

Back to top button