करोल बाग में बिना परमिशन गिराई जा रही थी बिल्डिंग, अचानक भरभराकर ढही, एक मजदूर की मौत, तीन घायल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित रेगरपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्यारे लाल रोड पर स्थित बिल्डिंग नंबर 3512 को गिराने के दौरान दो-मंजिला पुरानी इमारत भरभरा कर गिर गई। सुबह लगभग 11:15 बजे हुए इस हादसे में वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए जिसमें एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में तीन मजदूर घायल
हादसे की सूचना मिलते ही करोल बाग पुलिस स्टेशन की टीम और फायर सर्विस की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत व बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक मजदूर, शेख शमशाद की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जिसके शव को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया है।
दो मजदूरों की भी हालत नाजुक
अन्य घायलों में मोहम्मद अयूब की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनके सिर में गंभीर चोट और दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के कारण उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं तीसरे मजदूर शेख सैदुल का इलाज जीवन माला अस्पताल में जारी है, जबकि चौथे मजदूर रफीक-उल को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा
शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि इस निर्माण कार्य को सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर अंजाम दिया जा रहा था। इमारत के मालिकों ने एक प्राइवेट ठेकेदार को इसे गिराने का काम सौंपा था, लेकिन इसके लिए नगर निगम या किसी भी संबंधित नागरिक एजेंसी से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमारत के मालिकों और ठेकेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।




