महानदी में मिला अज्ञात अधेड़ का शव, PM रिपोर्ट से होगा खुलासा, पुलिस ने जांच शुरू की

आरंग. रायपुर जिले के कुरूद गांव स्थित महानदी घाट पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने बुधवार, 4 फरवरी को नदी में शव को देख तैरते हुए देखा. शव के चेहरे पर खून के निशान मिले हैं. संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव को पुलिस ने बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरूद के महानदी घाट पर ग्रामीणों ने एक शव को पानी में उफला हुआ देखा. सूचना मिलते ही आरंग पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला. मृतक की उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है. मृतक ने लाल-कत्थई (Maroon) रंग का टी-शर्ट और काले रंग का पैंट पहना हुआ है.
सुसाइड, मर्डर या हादसा?
महानदी में शव मिलने से सनसनी फैल गई है. यह आत्महत्या है, हत्या या फिर कोई हादसा. इन तमाम सवालों ने रहस्य गहरा दिया है. इस गुत्थी से पर्दा अब पुलिस जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही उठ पाएगा.
पीएम रिपोर्ट करेगी मौत का खुलासा
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली गई है. शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके. फिलहाल, शिनाख्त न होने के कारण शव को सुरक्षित (मर्चुरी में) रखा गया है. पुलिस प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्रों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है. थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि हुलिए के आधार पर किसी को कोई जानकारी मिले, तो तत्काल आरंग थाना में संपर्क करें ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण हो सके.




