मोबाइल दिलाने की जिद पर बेटे की नदी में छलांग, जिगर के टुकड़े को बचाने पिता भी कूदे और फिर…

Damoh News: दमोह के नरसिंहगढ़ से बहुत ही हैरान करने वाला घटना सामने आई है, जहां पिता ने जब अपने बेटे को मोबाइल फोन नहीं दिलाया, तो उसने उफनती नदी में छलांग में लगा दी. बाद में पिता भी उसे बचाने के लिए कूद पड़े. क्योंकि उन्हें तैरना आता था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने नाव लेकर दोनों बाप-बेटे को बचाया है. घटना नरसिंहगढ़ चौकी के रानगिर गांव की है. अंकित यादव और उनके पिता द्वारका यादव के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई. बताया जा रहा है कि अंकित काफी समय से मोबाइल फोन दिलाने या इस्तेमाल करने को लेकर हठ पकड़े हुए था.
फोन की जिद से बेटे ने उठाया खौफनाक कदम
बात इतनी बिगड़ गई कि गुस्से और जिद में अंधे होकर अंकित ने सुनार नदी के किनारे पहुंचकर सीधे पानी में छलांग लगा दी. पिता तो आखिर पिता होता है. अपनी आंखों के सामने जिगर के टुकड़े को नदी के गहरे पानी में डूबता देख द्वारका यादव ने एक सेकंड भी नहीं सोचा.
उन्होंने अपनी जान की परवाह नहीं की और अपने लाल को बचाने के लिए वे भी सुनार नदी की धाराओं में कूद गए. पिता-पुत्र दोनों ही नदी के बहाव में संघर्ष करने लगे. जिससे किनारे खड़े लोगों की सांसें अटक गईं. तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी.
पुलिस कर रही काउंसलिंग
फिर पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नदी से सुरक्षित निकाला गया, तो किनारों पर खड़े लोग भी काफी खुश नजर आए. पुलिस अब बेटे की काउंसलिंग कर रही है. ताकि भविष्य में वह ऐसी बचकानी और खतरनाक गलती दोबारा न दोहराए.




