अन्य खबरें

मौत की सटीक भविष्यवाणी करता था ये बिल्ला, जिस मरीज के बिस्तर पर बैठ जाता; उसके घरवालों को बुला लेते थे डॉक्टर

VIRAL STORY: क्या आप विश्वास करेंगे कि कोई बिल्ली किसी की मौत का सटीक वक्त बता सकती है? यह कोई मनगढ़ंत कहानी नहीं बल्कि ऑस्कर नाम के एक बिल्ले की सच्ची दास्तान है, जिसने एक या दो बार नहीं बल्कि 100 से ज्यादा बार डॉक्टरों से पहले बता दिया कि किस मरीज की सांसें थमने वाली हैं. साल 2022 में 17 साल की उम्र में ऑस्कर की मौत हो गई, लेकिन अपनी मौत के बाद यह बिल्ला कई सवाल छोड़ गया, जिसका जवाब वैज्ञानिकों के पास नहीं है.

नर्सिंग स्टाफ ने देखा बिल्ले का डरावना पैटर्न

साल 2005 में अमेरिका के रोड आइलैंड के एक नर्सिंग होम ने काले-सफेद रंग के बिल्ले ऑस्कर को गोद लिया था. शुरुआत में बेहद शांत रहने वाले ऑस्कर में जल्द ही नर्सों ने एक अजीब बात नोटिस की. वह जिस भी गंभीर मरीज के बिस्तर पर जाकर दुबक जाता, चंद घंटों में उसकी मौत हो जाती थी. पहले इसे महज एक इत्तेफाक माना गया, लेकिन जब यह बार-बार होने लगा तो सबके होश उड़ गए. ऑस्कर का अंदाजा कभी गलत नहीं होता था. वहां भर्ती एक मरीज के रिश्तेदार बताते हैं, “जब मैंने ऑस्कर को अपनी मां के पास लेटे हुए देखा, तो मैं समझ गया कि अब अंतिम विदा का समय आ चुका है.”   

डिमेंशिया और बेघर मरीजों का देवदूत था ऑस्कर

इस नर्सिंग होम में रहने वाले ज्यादातर मरीज डिमेंशिया (भूलने की बीमारी) के आखिरी स्टेज पर होते थे. कई मरीज ऐसे थे जिनका दुनिया में कोई नहीं होता था और वे बिल्कुल अकेले दम तोड़ रहे होते हैं. ऐसे में ऑस्कर देवदूत बनकर आता था. जब भी किसी मरीज की मौत में सिर्फ दो से चार घंटे बचे होते, ऑस्कर चुपके से उनके कमरे में दाखिल होता. वह उनके बिस्तर पर चढ़कर, उनके शरीर से सटकर बैठ जाता था. प्यार से आवाजें निकालने लगता. वह तब तक वहां से नहीं हिलता, जब तक मरीज आखिरी सांस न ले ले. हैरानी की बात यह थी कि ऑस्कर कोई बहुत मिलनसार बिल्ला नहीं था. उसे इंसानों की चापलूसी पसंद नहीं थी. वह स्टाफ से भी दूरी बनाकर रखता था. वह नर्सिंग होम के आम मरीजों के पास जाकर अपना वक्त जाया नहीं करता.  

क्या मौत से पहले व्यक्ति की अजीब गंध सूंघ लेता था बिल्ला

2007 में डॉ. डेविड डोसा ने एक मेडिकल मैगजीन में ऑस्कर के बारे में पहली बार लिखा. तब तक वह बिल्ला 25 से ज्यादा मौतें भाप चुका था. 2010 तक ये आंकड़ा 50 पहुंच गया. और  2022 तक उसने 100 से ज्यादा मौतों की सटीक भविष्यवाणी कर दी. इस पर डॉक्टर ने किताब लिखी ‘मेकिंग राउंड्स ऑफ ऑस्कर’.  

वैज्ञानिकों और डॉक्टरों ने इस पर रिसर्च भी की. कुछ का मानना था कि मौत के करीब आने पर शरीर के सेल्स जो गंध छोड़ते हैं, ऑस्कर उसे सूंघ लेता था. कुछ ने इसे बॉडी टेम्परेचर से जोड़ा. लेकिन विज्ञान के पास इस बात का कोई पुख्ता जवाब नहीं है कि कोई जानवर इतनी सटीक भविष्यवाणी कैसे कर सकता है. हैरान करने वाली बात यह थी कि मरीजों के परिवार ऑस्कर से डरते नहीं थे, बल्कि उन्हें तसल्ली मिलती थी कि उन्हें अपने अपनों को आखिरी बार अलविदा कहने का वक्त मिल गया है.

Related Articles

Back to top button