मध्यप्रदेश

लाइबेरिया में विदेशी पुलिस अफसरों की कमान संभाली , UN मिशन में भी निभाई जिम्मेदारी, कौन हैं सागर के नए SP संजीव सिन्हा

सागर: अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग का अनुभव, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का रिकॉर्ड और मध्य प्रदेश के कई चुनौतीपूर्ण जिलों में काम करने का लंबा अनुभव। IPS संजीव सिन्हा के पुलिस करियर के ये कुछ ऐसे अध्याय हैं, जो अब सागर में उनकी नई जिम्मेदारी के साथ जुड़ गए हैं। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। शनिवार दोपहर उन्होंने आईजी इरशाद वली से औपचारिक मुलाकात भी की।

पदभार संभालने के बाद अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर बात करते हुए सिन्हा ने कहा कि वे टीम वर्क में विश्वास रखते हैं। अपराध पर लगाम लगाने के साथ पीड़ित को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उनका कहना है कि पुलिसिंग में अनुशासन और सामूहिक प्रयास से बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

लाइबेरिया में 29 में से 19 पुलिस स्टेशनों की संभाली जिम्मेदारी

संजीव सिन्हा के पुलिस करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत अफ्रीकी देश लाइबेरिया में उनकी तैनाती रहा। यहां उन्होंने डिप्टी ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर के रूप में काम किया। इस दौरान 29 संयुक्त राष्ट्र पुलिस स्टेशनों में से 19 के संचालन और 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों के कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास थी।

उन्होंने लाइबेरिया की राष्ट्रीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर आधुनिक पुलिसिंग पद्धतियों को लागू करने में भी योगदान दिया। उनके काम की संयुक्त राष्ट्र पुलिस प्रमुख ने सराहना की थी।

1996 में DSP बने, 2016 में IPS कैडर में पदोन्नति

संजीव सिन्हा ने 1 जुलाई 1996 को मध्य प्रदेश राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के रूप में अपना करियर शुरू किया था। करीब दो दशक तक राज्य पुलिस सेवा में काम करने के बाद वर्ष 2016 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिली।

तीन दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने उज्जैन, इंदौर, होशंगाबाद, बिलासपुर, अलीराजपुर, मंडला, सिंगरौली, धार, डिंडोरी और गुना सहित कई जिलों में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं।

  • लाइबेरिया में UN शांति मिशन के दौरान 200 से अधिक विदेशी पुलिस अधिकारियों के कामकाज की निगरानी ।
  • लोकायुक्त में SP रहते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में निभाई भूमिका।
  • सागर में अपराध नियंत्रण, महिला-बाल सुरक्षा और पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता।

लोकायुक्त में भ्रष्टाचार के खिलाफ कीं महत्वपूर्ण कार्रवाई

मार्च 2017 से मई 2022 तक संजीव सिन्हा विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त संगठन में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहे। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति के मामलों की जांच और कार्रवाई में भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button