लाल किले के पास संदिग्ध कार से फर्जी NIA अधिकारी गिरफ्तार

एएनआई, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की कोतवाली थाना टीम ने बुधवार को गश्त के दौरान लाल किले के पीछे दिल्ली चलो पार्क के निकट एक काली हुंडई सैंट्रो कार को संदिग्ध हालत में खड़ी पाई। जांच में कार में दो लोग मिले, जिनमें से एक पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) निवासी मुदस्सर था और दूसरा एक नाबालिग लड़का था। पूछताछ में मुदस्सर ने खुद को NIA अधिकारी बताते हुए एक पहचान पत्र दिखाया, जो देखते ही संदिग्ध लगा।
प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिल्ली में नौकरी दिलाने का लालच देकर ठग रहा था। उसने नाबालिग लड़के के परिवार को दिल्ली में नौकरी का वादा करके एडवांस पेमेंट लिया था और लड़के को दिल्ली लाया। आरोपी ने NIA अधिकारी बनकर फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया और लोगों को ठगने का काम शुरू किया था।
फर्जी आईडी कार्ड से नौकरी देने का झांसा
संयुक्त पूछताछ रिपोर्ट के आधार पर पता चला कि मुदस्सर ने फर्जी आईडी कार्ड से अधिकारी बनकर लोगों को नौकरी के बहाने ठगा। इस आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।



