व्यापार

 वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का 49 की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन

नई दिल्‍ली: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का 49 साल की उम्र में न्यूयॉर्क (New York) में अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। माउंट सिनाई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। परिवार के अनुसार, वह ठीक हो रहे थे और सब कुछ ठीक लग रहा था। लेकिन, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर दुख जताते हुए कहा कि यह उनके जीवन का सबसे काला दिन है।

पटना में हुआ था जन्‍म

अनिल अग्रवाल ने बताया कि उनके बेटे अग्निवेश का जन्म 3 जून 1976 को पटना (Patna) में हुआ था। उन्होंने अजमेर के मेयो कॉलेज से पढ़ाई की और एक सफल पेशेवर करियर बनाया। अग्निवेश ने फुजैराह गोल्ड की स्थापना में अहम भूमिका निभाई और हिंदुस्तान जिंक (Hindustan Zinc Limited) के चेयरमैन भी रहे। उन्होंने अपने बेटे को एक खिलाड़ी, संगीतकार और लीडर बताया, जो अपनी गर्मजोशी, विनम्रता और दयालुता के लिए जाने जाते थे।

भावुक पोस्‍ट कर बेटे को क‍िया याद

अनिल अग्रवाल ने अपने बेटे को याद करते हुए कहा, ‘मेरा प्यारा बेटा अग्निवेश हमें बहुत जल्दी छोड़कर चला गया। वह सिर्फ 49 साल का था।स्वस्थ, जीवन और सपनों से भरपूर। अमेरिका में एक स्कीइंग दुर्घटना के बाद वह न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में ठीक हो रहा था। हमें लगा कि सबसे बुरा वक्त बीत चुका है। लेकिन, किस्मत के प्लान कुछ और थे और अचानक कार्डियक अरेस्ट ने हमारे बेटे को हमसे छीन लिया।’

उन्होंने आगे कहा, ‘उसकी सभी उपलब्धियों से परे वह सरल, बहुत मानवीय और दयालु था। मेरे लिए वह सिर्फ मेरा बेटा नहीं था। वह मेरा दोस्त था। मेरा गौरव। मेरी दुनिया।’

Related Articles

Back to top button