
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को जालंधर में स्थित डेरा सचखंड बल्लां गये और संत निरंजन दास से मुलाकात की। साथ ही पीएम मोदी ने समाज सुधारक तथा कवि के रूप में याद किए जाने वाले संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संत निरंजन दास से मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘गुरु रविदास महाराज जी की जयंती के विशेष अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां में संत निरंजन दास जी से मिलना बहुत खास था।’
गुरु रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा के मौके पर लोगों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं पंजाब दी इस धरती नू नमन करदा हां।’
लोकसभा में उत्तर प्रदेश के वाराणसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह निर्वाचन क्षेत्र गुरु रविदास की जन्मभूमि भी है। उन्होंने कहा, ‘‘वाराणसी के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया और मुझे वहां से सांसद के रूप में इस जगह की सेवा करने का अवसर मिला।’’
हम गुरु रविदास से प्रेरणा लेते हैं: पीएम मोदी
उन्होंने कहा, ‘हम गुरु रविदास से प्रेरणा लेते हैं।’ मोदी ने कहा, ‘‘संत रविदास के आशीर्वाद से, मुझे विश्वास है कि हम विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में डेरा सचखंड बल्लां के कार्य प्रशंसनीय रहे हैं।
संत निरंजन दास को पद्मश्री सम्मान की घोषणा के बाद पीएम मोदी की यात्रा
संप्रदाय के प्रमुख संत निरंजन दास को 25 जनवरी को पद्मश्री सम्मान दिये जाने की घोषणा की गई थी। इसके कुछ दिन बाद मोदी ने यह यात्रा की। जालंधर के बल्लां में स्थित डेरा सचखंड, राज्य में रविदासिया समुदाय का सबसे बड़ा डेरा है।




