उत्तरप्रदेश

सहारा प्रमुख की पत्नी सपना रॉय को खाली करना होगा सहारा शहर का आवास, नगर निगम का अल्टीमेटम

Lucknow News, (सत्या सिंह): सहारा इंडिया परिवार के प्रमुख स्वर्गीय सुब्रत रॉय की पत्नी सपना रॉय को अब लखनऊ स्थित सहारा शहर का आलीशान आवास खाली करना होगा। नगर निगम द्वारा पहले ही 11 सितंबर को नोटिस जारी कर उन्हें मकान खाली करने के लिए कहा गया था। शनिवार को नगर निगम की टीम द्वारा सहारा शहर की जमीन पर अधिकार जताने के बाद अब मकान को भी खाली कराने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। हालांकि सपना रॉय को कुछ दिनों की मोहलत दी गई है, लेकिन यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास खाली नहीं किया गया, तो नगर निगम द्वारा उसे सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

क्या है मामला?
लखनऊ के गोमतीनगर के विपुलखंड में 170 एकड़ में फैला सहारा शहर वर्ष 1994 में नगर निगम की ओर से सहारा इंडिया हाउसिंग लिमिटेड को आवासीय योजना विकसित करने हेतु लीज पर दिया गया था। शर्तों के तहत इस जमीन पर प्लॉट और मकान बनाकर कालोनी विकसित करनी थी। लेकिन परियोजना में कई शर्तों के उल्लंघन और अनियमितताओं के कारण नगर निगम ने वर्ष 1997 में लाइसेंस डीड निरस्त करने का नोटिस जारी किया था। यह मामला वर्ष 1997 से ही कानूनी विवादों में उलझा रहा और अब नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए जमीन पर स्वामित्व का बोर्ड भी लगा दिया है।

प्रशासनिक सख्ती बढ़ी
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, सहारा समूह की ओर से शर्तों के उल्लंघन के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अब प्रशासनिक आदेशों के तहत कब्जा हटाने और भूमि को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि समय पर मकान खाली नहीं किया गया, तो नियमानुसार संपत्ति को सील कर लिया जाएगा। वहीं, अन्य संपत्तियों की भी समीक्षा और कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button